Bilaspur News Update, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर युवक से मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के बाद इस मामले में एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है।
यह पूरा मामला सीपत थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि दशहरा मेला स्थल के पास किराना दुकान के नजदीक अनुराग ध्रुव से ग्राम कौड़िया निवासी हिस्ट्रीशीटर राजकुमार केंवट ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। अनुरागह ने जब पैसे नहीं दिए, तो आरोपी ने उसकी बेल्ट से पिटाई कर दी।
इतना ही नहीं बीच-बचाव करने पहुंचे दूसरे युवक के साथ भी उसने मारपीट की। अनुराग की शिकायत पर सीपत थाने में अपराध दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
छेड़छाड़ का फरार आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की बिलासपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने महिला से छेड़छाड़ के फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है।
यह पूरा मामला सीपत थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि आरोपी संदीप कुमार सूर्यवंशी ने घर में घुसकर महिला से जबरदस्ती करने की कोशिश की। इतना ही नहीं गाली-गलौज कर उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था, जिसे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
शादी का झांसा देकर लाखों की ठगी का आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शादी का झांसा देकर महिला का शारीरिक शोषण और लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में सरकंडा पुलिस ने मनोज कुमार यादव को दुर्ग जिले के धमधा से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पति की मौत के बाद आरोपी ने महिला और उसके तीन बच्चों को अपनाने का वादा किया था। इसके बाद बीमा राशि, बैंक खातों और मकान खरीदने के बहाने नगद व PhonePe के जरिए करीब 20 से 22 लाख रुपये ले लिए। रकम लेने के बाद आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो गया था। साइबर सेल की मदद से पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर कार्रवाई की। आरोपी के पास से एटीएम कार्ड, ऋण संबंधी दस्तावेज और वीवो मोबाइल जब्त किया गया है। मामले में सरकंडा थाना में BNS की धारा 69 और 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
हाइवा की टक्कर से स्कूटी चालक की मौत
बिलासपुर। बिल्हा स्थित निपनिया मेनरोड पर महावीर पेट्रोल पंप के पास हाइवा की टक्कर से स्कूटी चालक मोहम्मद इरफान कुरैशी की मौत हो गई। मृतक आमापारा बिल्हा का निवासी था। आरोप है कि हाइवा चालक रामशरण श्रीवास रॉन्ग साइड में लापरवाही से वाहन चलाते हुए स्कूटी और मोटरसाइकिल से टकरा गया। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई और लोगों में आक्रोश फैल गया। बिल्हा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और चक्काजाम होने से रोका। पुलिस ने हाइवा, मृतक की स्कूटी और मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 105 के तहत कार्रवाई की गई है।
70 हजार की चोरी का आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने सरप्राइज चेकिंग के दौरान शातिर चोर आशीष निर्मलकर उर्फ बेंदो उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बंद मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब 70 हजार रुपये का सामान चोरी किया था। पुलिस ने आरोपी के पास से कैमरा, हेयर ड्रायर, जेवरात और नकदी सहित पूरा माल बरामद किया। पुणे में मौजूद मकान मालिक ने वीडियो कॉल के जरिए सामान की पहचान की।

RSS प्रमुख मोहन भागवत का दो दिवसीय बिलासपुर प्रवास आज से
बिलासपुर। RSS प्रमुख डॉ. मोहन भागवत 22 और 23 अक्टूबर को बिलासपुर प्रवास पर रहेंगे। आज शाम वे कोनी-बिरकोना मार्ग स्थित सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में प्रबुद्ध कार्यकर्ताओं के बौद्धिक वर्ग को संबोधित करेंगे। 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ प्रांत क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। इसमें संगठन विस्तार, प्रबोधन और संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की जाएगी। बैठक में संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल होंगे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

