Bilaspur News Update, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा का आज विदाई समारोह आयोजित किया जाएगा। उनके ही कोर्ट रूम में दोपहर 3:30 बजे से होने वाले समारोह में न्यायिक अधिकारी और अधिवक्ता शामिल होंगे।

बता दें कि छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा 4 सितंबर 2026 को रिटायर हो रहे हैं। 29 मार्च, 2023 को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस के रूप में उन्होंने शपथ ली थी। अपने तीन साल पांच महीने के इस कार्यकाल में उन्होंने न्याय क्षेत्र में अनेक उल्लेखनीय कार्य किए हैं। चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा की जगह अब ओडिशा हाईकोर्ट के जस्टिस कृष्णा राम मोहपात्रा नए चीफ जस्टिस होंगे।

पुलिस का बदमाशों पर एक्शन

बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अमरैया चौक, बहतराई चौक, महामाया चौक और सीपत चौक में दबिश देकर आरोपियों के कब्जे से 4 धारदार चाकू बरामद किए। चारों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा 7 बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों का बाउंड ओवर कराया गया।

तस्वीरें वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

तखतपुर। पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसने युवती के नाम से ना सिर्फ इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाया बल्कि उसमें अपनी और पीड़िता की तस्वीरें वायरल की थीं। मामले की जांच के दौरान पीड़िता के बयान में आरोपी पर दुष्कर्म का आरोप सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

मामला तखतपुर थाना क्षेत्र के सिंघनपुरी गांव का बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने अपने पति की इंस्टाग्राम आईडी चेक की, जहां उसे अपने घरेलू नाम से बनाई गई एक इंस्टाग्राम आईडी की जानकारी मिली। आरोप है कि इस फर्जी आईडी के माध्यम से आरोपी अख्तर खान उर्फ अफ्तार खान, पिता अफजल खान, उम्र 20 वर्ष, निवासी सिंघनपुरी ने अपनी और पीड़िता की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थीं।

पीड़िता की ओर से मामले को लेकर पुलिस को लिखित आवेदन दिया गया। आवेदन की जांच के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया और पीड़िता का विधिवत बयान दर्ज कराया गया, जिसमें उसने आरोपी पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया।

मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए 98 हजार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में एक बार फिर साइबर फ्रॉड का मामला सामने आया है। कोनी थाना क्षेत्र में एक युवक का मोबाइल हैक कर उसके बैंक खाते से करीब 98 हजार रुपये पार कर दिए गए। ठगी का शिकार हुए प्रहलाद बरेठ ने मामले की शिकायत कोनी थाने में दर्ज कराई है। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और साइबर फ्रॉड के तरीके समेत रकम ट्रांसफर होने की जानकारी जुटाई जा रही है।

कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर तोरवा पुलिस अलर्ट

बिलासपुर में आगामी हिंदू पर्व कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तोरवा पुलिस ने असामाजिक तत्वों और बदमाशों के खिलाफ धरपकड़ अभियान तेज कर दिया है।

अभियान के तहत पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर चाकू और धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में निलेश उर्फ छोटू गंगोत्री, घनश्याम मिश्रा, रविशंकर पाल, सरोज यादव और दीपक बघेल शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 नग धारदार चाकू जब्त किए हैं।

वहीं, चाकूबाजी के एक अन्य मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी सिद्धार्थ साहू को भी तोरवा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बदमाशों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m