Bilaspur News Update : बिलासपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 14 जून को बिलासपुर के दौरे पर रहेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 1:45 बजे हेलीकॉप्टर से बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट, चकरभाठा पहुंचेंगे. इसके बाद वे 1:55 बजे नगर पंचायत बोदरी स्थित संत गाडगे चौक पहुंचकर आयोजित संत शिरोमणि गाडगे जयंती, शपथ ग्रहण, सम्मान समारोह एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे तथा विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन और सम्मान समारोह में शामिल होंगे. इसके पश्चात वे 3:25 बजे बोदरी से रवाना होकर 3:30 बजे बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट पहुंचेंगे और शाम 4 बजे रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे.
समर वेकेशन खत्म, हाईकोर्ट में कल से नियमित सुनवाई
बिलासपुर. छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में करीब एक माह से चल रहे समर वेकेशन ख़त्म हो गये हैं. अब यहां सोमवार 15 जून से सभी निर्धारित बेंचों में नियमित सुनवाई होगी . सोमवार से शुरू हो रहे सप्ताह की काज लिस्ट भी जारी कर दी गई है. हाईकोर्ट में गत 18 मई से समर वेकेशन शुरू हो गए थे जो करीब एक माह बाद अब समाप्त हो गये हैं. इस बीच हाईकोर्ट में आने वाले जरूरी मामलों की सुनवाई के लिए हर सप्ताह अलग अलग वेकेशन बेंचें निर्धारित की गईं थीं. इनमें सप्ताह के दो दिन डिवीजन बेंच समेत सिंगल बेंचों में भी सुनवाई होती रही, इस बीच कुछ महत्वपूर्ण निर्णय भी पारित किये गए. अब वेकेशन खत्म होते ही सब कुछ पहले की तरह होगा. गौरतलब है कि इससे पूर्व हाईकोर्ट प्रशासन ने वर्क फ्रॉम होम की अनिवार्यता को खत्म कर दिया है. समर वेकेशन के बाद सोमवार 15 जून से जब यहाँ नियमित कामकाज प्रारंभ होगा, तब कोर्ट में पुरानी व्यवस्था के तहत सुनवाई होगी. कोर्ट रूम में अधिवक्ता खुद मौजूद रहकर अपने मामलों की पैरवी करेंगे हालांकि वीडियो कांफ्रेंसिंग की सुविधा भी पहले की तरह लागू रहेगी.
अवैध शराब मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. बिलासपुर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीपत और रतनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 51 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है. सीपत थाना क्षेत्र के टेकर और सेलर गांव में पुलिस ने छापेमारी कर 42 लीटर महुआ शराब बरामद की. इस दौरान अजय वर्मा और घासीराम सूर्यवंशी को गिरफ्तार किया गया. वहीं रतनपुर थाना क्षेत्र के जोगी अमराई गांव में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 9 लीटर अवैध शराब के साथ पुनउ राम पाव को गिरफ्तार किया. सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
जेल से फरार आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार
पेंड्रा. जिला जेल पेंड्रारोड से दुष्कर्म के एक बंदी के फरार होने का मामला सामने आया है. आरोपी को पुलिस ने लगभग आठ घंटे के भीतर पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन परिसर से गिरफ्तार कर दोबारा जेल दाखिल कर दिया. जानकारी के अनुसार, 10 जून को पेंड्रा थाना क्षेत्र के बचरवार गांव निवासी कुलदीप राठौर उर्फ पटेल को दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेजा गया था. कल सुबह लगभग 7 बजे, जब जेल में कैदियों को दैनिक दिनचर्या के लिए बैरक से बाहर निकाला गया, उसी दौरान आरोपी ने मौके का फायदा उठाते हुए जेल की दीवार फांदकर फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और तत्काल गौरेला पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस और जेल स्टाफ ने संयुक्त रूप से तलाश अभियान शुरू किया. इसके बाद आरोपी को शाम करीब 4 बजे पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन परिसर से पकड़ लिया गया. मामले में जेल प्रहरी अखिलेश पांडेय की शिकायत पर कैदी क्रमांक 11726 के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 262 के तहत अपराध दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी को पुनः जेल भेज दिया है. इस घटना ने जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यह इस तरह की तीसरी घटना बताई जा रही है, जिससे जेल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं. थाना प्रभारी शनिप रात्रे ने बताया कि मामले में विधिवत कार्रवाई की गई है और आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे पुनः न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

