Bilaspur News Update : बिलासपुर. नीट यूजी-2026 की 21 जून को दोबारा होने वाली परीक्षा की तैयारियों को लेकर कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी ने समीक्षा बैठक की. बैठक में परीक्षा केंद्राध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया. जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा आयोजित की जाएगी.
प्रशासन ने परीक्षा की पारदर्शिता, सुरक्षा और निष्पक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. मानसून को देखते हुए अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों के लिए सभी केंद्रों पर वाटरप्रूफ शेड बनाए जाएंगे. प्रवेश द्वारों और परीक्षा केंद्र परिसर के बाहर भी बारिश से बचाव की व्यवस्था रहेगी.
इसके अलावा जल निकासी, वैकल्पिक बिजली व्यवस्था और आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी. सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी रहेगी तथा प्रश्नपत्र और OMR शीट की सुरक्षा के लिए सख्त प्रोटोकॉल लागू किए जाएंगे. किसी भी संवेदनशील गतिविधि पर नजर रखने के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम भी सक्रिय रहेगा.
खरीफ सीजन के लिए पर्याप्त खाद उपलब्ध
बिलासपुर. खरीफ सीजन 2026 में किसानों को खाद की कमी नहीं हो इसके लिए जिला प्रशासन सतर्क नजर आ रहा है. प्रशासन ने बताया कि किसानों को खाद की कमी नहीं होगी, 49,772 टन से अधिक उर्वरक का भंडारण उपलब्ध है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 31 प्रतिशत अधिक है
खरीफ 2026 के लिए जिले को 68,950 टन उर्वरक उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें से अब तक करीब 64.98 प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित की जा चुकी है. प्रशासन के अनुसार पिछले वर्ष की तुलना में उर्वरक उपलब्धता में 49 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है.
इस वर्ष अब तक 26,131.71 टन उर्वरक किसानों को वितरित किया जा चुका है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 56.6 प्रतिशत अधिक है. भंडारित उर्वरक का 58.33 प्रतिशत हिस्सा किसानों तक पहुंच चुका है. सहकारी समितियों और निजी विक्रेताओं के माध्यम से लगातार खाद वितरण किया जा रहा है. हालांकि कई किसान अभी भी पर्याप्त खाद नहीं मिलने की आशंका जताते हुए खेती और उत्पादन प्रभावित होने की चिंता व्यक्त कर रहे हैं.
नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. पुलिस ने नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी सागर आडिल को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था. थाना में शिकायत हुई थी कि परीक्षा देकर लौटने के दौरान आरोपी ने उसका हाथ पकड़ लिया था. विरोध करने पर उसने गाली-गलौज की और लंबे समय से उसका पीछा कर परेशान कर रहा था.
मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया था. गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, लेकिन साइबर सेल की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
जेल के बाथरूम में फंदे से लटका मिला कैदी का शव
जांजगीर-चांपा. छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जिला जेल के अंदर एक कैदी का शव बाथरूम में फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला है. घटना से जेल परिसर में हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. बताया जा रहा है कि दुष्कर्म मामले में एक दिन पहले ही उसे जेल में दाखिल किया गया था.
जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय सामने आई जब सुबह सफाईकर्मी बाथरूम की सफाई के लिए पहुंचे. अंदर का दृश्य देखकर जेल स्टाफ ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद कोतवाली पुलिस को मामले की जानकारी दी गई.
एक दिन पहले ही जेल दाखिल हुआ था आरोपी
मृतक कैदी की पहचान दुवास राम के रूप में हुई है, जिसे एक दिन पहले ही दुष्कर्म के मामले में जेल दाखिल किया गया था. बताया जा रहा है कि वह कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के जवाली गांव का रहने वाला था. उसे 8 जून को बलौदा पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने, अपहरण और अनाचार के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था.
बाथरूम में कपड़े से बने फंदे से लटका मिला शव
जानकारी के मुताबिक, कैदी का शव जेल के बाथरूम में उसके ही कपड़ों से बनाए गए फंदे के सहारे खिड़की से लटका मिला. घटना की सूचना तुरंत परिजनों को दी गई. परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, फॉरेंसिक टीम और साइबर सेल मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई.
पुलिस ने क्या कहा
जांजगीर सीएसपी योगिता खापर्डे ने बताया कि दुवास राम केंवट एक नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले गया था, जिसके बाद बलौदा पुलिस ने 8 जून को कार्रवाई करते हुए उसे अपहरण और अनाचार के मामले में गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराया था. उन्होंने बताया कि जेल के अंदर क्या हुआ और दुवास राम ने आत्महत्या क्यों की, या उसकी हत्या की गई है, इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है. मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
जेल सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
जेल के अंदर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर 21 वर्षीय दुवास राम के साथ जेल के भीतर ऐसा क्या हुआ कि उसकी मौत हो गई, यह जांच का विषय बना हुआ है. पुलिस मामले की सूक्ष्मता से जांच कर रही है. फॉरेंसिक और साइबर शाखा की टीम भी हर पहलू की पड़ताल में जुटी हुई है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या फिर हत्या का. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

