Bilaspur News Update : हरदीबाजार. झीरम घाटी नक्सली हमले में शहीद हुए कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता नंदकुमार पटेल, महेंद्र कर्मा, उदय मुदलियार एवं शहीद हुए अन्य नेताओं के पुण्यतिथि को शहादत दिवस के रूप में प्रदेश के सभी मुख्यालयों मनाया जाएगा. साथ ही साथ ब्लाक कांग्रेस कमेटी हरदीबाजार के द्वारा पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर के निवास में सोमवार को सुबह 9 बजे मनाया जाएगा. इस संबंध में सभी वरिष्ठ नेता, पूर्व विधायक, ब्लाक कांग्रेस, मंडल कांग्रेस, बूथ कमेटी अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल, किसान कांग्रेस, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस, आदिवासी कांग्रेस सहित सभी कार्यकर्ताओं को यथा स्थान पहुंचने की अपील की गई है.

प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने पति को उतारा मौत के घाट

बिलासपुर. झारखंड की रहने वाली महिला अपने पति को बिलासपुर लेकर आई, और अपने प्रेमी व उसके साथियों के साथ मिलकर गला दबाकर व चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी. उसके बाद लाश सिरगिट्टी लाइन के किनारे फेंककर फरार हो गई. झारखंड पुलिस महिला लेकर शहर लेकर आई तो यहां उसके पति की सड़ी गली लाश मिली है. पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है, और उसके प्रेमी व अन्य साथियों की तलाश कर रही है.

दरअसल, झारखंड सिमडेगा निवासी पूनम लोमगा की 4 साल पहले फेसबुक के जरिए से झारखंड निवासी सुगड़ टोपनो से दोस्ती हुई. बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया. पूनम अपने पति बच्चों को छोड़कर प्रेमी सुगड़ तोपड़ो के साथ भाग गई थी. 15 दिन उसके साथ रहने के बाद फिर से अपने घर पति बच्चों के पास लौट गई.

घर लौटने के बाद पूनम ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने की साजिश रची. योजना के तहत प्रेमी सुगड़ टोपनो अपने दोस्त इंदल मांझी व एक अन्य के साथ बिलासपुर सिरगिट्टी आ गया. उसके बाद प्रेमिका के पति विनोद लोमगा को फोन कर बिलासपुर के सिरगिट्टी आकर 10 हजार रुपए देने व उसकी पत्नी को छोड़ देने का लालच दिया. विनोद तैयार हो गया और उसकी पत्नी पूनम को भी साथ आने जाने की बात कही. 19 मई को पति पत्नी झारखंड से बिलासपुर सिरगिट्टी आए.

पति पत्नी के सिरगिट्टी पहुंचने पर सभी लोग सिरगिट्टी रेलवे ट्रैक के किनारे सुनसान जगह में गए. उसके बाद पत्नी, प्रेमी व उसके दोस्तों ने विनोद के साथ मारपीट कर महिला के दुपट्टा से गला दबा दिया. फिर चाकू से गला रेतकर मौत के घाट उतारकर झाड़ियों व कीचड़ में लाश फेंककर झारखंड लौट गए.

पूनम के घर लौटने पर परिजन ने उससे पति विनोद के संबंध में पूछताछ की, तो वह गोलमोल जवाब दे रही थी. परिजन ने झारखंड में विनोद के लापता होने की रिपोर्ट लिखाई. मृतक के मोबाइल लोकेशन के आधार पर झारखंड पुलिस ने पूनम से पूछताछ की तो उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर लाश बिलासपुर सिरगिट्टी में फेंकने की जानकारी दी. 24 मई को झारखंड पुलिस महिला को लेकर शहर आई और सिरगिट्टी पुलिस को जानकारी दी. सिरगिट्टी व झारखंड पुलिस को विनोद की सड़ी गली लाश रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों के बीच मिली. सिरगिट्टी पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पत्नी पूनम लोमगा को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस टीम हत्याकांड के फरार आरोपी महिला के प्रेमी व उसके सहयोगियों को पकड़ने के लिए झारखंड रवाना हो गई है.

हाई क्वालिटी कोयले में मिलावट, 2 गिरफ्तार

बिलासपुर. कोयला सप्लाई में गड़बड़ी के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. ब्रज आयरन एंड स्टील लिमिटेड डिघोरा में सप्लाई किए गए संदिग्ध कोयले में हाई क्वालिटी G-6 कोयले के साथ निम्न गुणवत्ता का कोयला मिलाने का आरोप सामने आया है. लैब जांच में पता चला कि जहां कोयले की गुणवत्ता 5500-5800 GCV होनी चाहिए थी, वहां 4203 और 4220 GCV का कोयला पाया गया. यह कोयला दो ट्रेलरों में भरकर भेजा गया था. मामले में हिर्री थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कोल डिपो संचालक आरोपी राम कुमार आर्य समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 316(3), 317(2), 317(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है.

गोबर खाद खरीदी में 14.77 लाख का फर्जीवाड़ा, कैम्पा शाखा प्रभारी निलंबित

 पेंड्रा. बिलासपुर वन वृत्त के अंतर्गत पेंड्रा अमरपुर क्षेत्र में कैम्पा मद से संचालित वृक्षारोपण कार्यों में बड़े वित्तीय घोटाले का मामला सामने आया है. वर्ष 2022 में गोबर खाद खरीदी के नाम पर फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से कुल 14,77,600 की राशि के गबन का खुलासा हुआ है. जांच रिपोर्ट के आधार पर वन विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए कैम्पा शाखा प्रभारी एवं सहायक ग्रेड-2 भूपेंद्र कुमार साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. यह मामला मरवाही वन मंडल के वन परिक्षेत्र से जुड़ा है. प्रधान मुख्य वन संरक्षक (सतर्कता एवं शिकायत), नवा रायपुर अटल नगर द्वारा की गई जांच में यह पाया गया कि वृक्षारोपण कार्यों के लिए गोबर खाद की खरीदी में गंभीर अनियमितताएं की गईं. जांच रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि कूटरचित प्रमाण पत्रों और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर राशि का अवैध लेखा समायोजन किया गया. आरोप है कि समिति सचिवों पर दबाव बनाकर भुगतान की प्रक्रिया पूरी कराई गई और शासकीय धन का दुरुपयोग किया गया. मुख्य वन संरक्षक मनोज कुमार पाण्डेय ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 का उल्लंघन तथा गंभीर वित्तीय कदाचार मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम-9 (1) के तहत निलंबन आदेश जारी किया है. आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में भूपेंद्र कुमार साहू का मुख्यालय मुख्य वन संरक्षक कार्यालय, बिलासपुर वृत्त निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा.

फर्जी प्रमाण पत्रों के आधार पर किया भुगतान

जांच में यह भी सामने आया कि तत्कालीन कैम्पा शाखा प्रभारी भूपेंद्र कुमार साहू ने अपने पदीय दायित्वों का उचित पालन नहीं किया. दस्तावेजों में जिन अधिकारियों के हस्ताक्षर दर्शाए गए थे, उनकी पदस्थापना अवधि का सत्यापन नहीं किया गया, न ही जावक क्रमांक और हस्ताक्षरों का मूल अभिलेखों से मिलान किया गया. आरोप यह भी है कि वनमंडलाधिकारी को अंधेरे में रखकर फर्जी प्रमाण पत्रों के आधार पर एलओसी जारी कर भुगतान प्रक्रिया पूरी कराई गई. पूछताछ के दौरान भूपेंद्र कुमार साहू के बयान भी विरोधाभासी पाए गए-पहले उन्होंने दस्तावेज पुराने बस्तों में होने की बात कही, जबकि बाद में कहा कि दस्तावेज उपवनमंडल कार्यालय पेंड्रा से प्राप्त हुए थे.

अवैध शराब की बिक्री करते 2 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़. घरघोड़ा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर आरोपियों को अवैध रूप से महुआ शराब एवं अंग्रेजी शराब के साथ पकड़ा है. जानकारी के अनुसार पहली कार्रवाई में आरोपी रवि साहू पिता ठाकूर राम साहू उम्र 26 वर्ष निवासी रायकेरा को गिरफ्तार किया गया. आरोपी के कब्जे से 25 पाव अंग्रेजी शराब तथा 15 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई. इसके अलावा शराब बिक्री की रकम 450 रुपये भी बरामद की गई. कुल 19,500 लीटर शराब एवं नकदी सहित लगभग 7750 रुपये का माल जप्त किया गया. इसी तरह दूसरी कार्रवाई में आरोपी मुरलीधर राठिया पिता चमार सिंह राठिया उम्र 26 वर्ष निवासी रायकेरा को गिरफ्तार किया गया. आरोपी के कब्जे से 12 पाव अंग्रेजी शराब तथा 9,500 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H