Bilaspur News Update : बिलासपुर. सरकण्डा थाना और मोपका चौकी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. अलग-अलग कार्रवाई में पुलिस ने 3.92 ग्राम ब्राउन शुगर, 7.50 ग्राम हेरोइन और 33 नग प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक्टिवा स्कूटी समेत करीब 2.85 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिविल लाइन निवासी पप्पू श्रीवास उर्फ गुड्डू और चिंगराजपारा निवासी सुभाष देवांगन के रूप में हुई है. मोपका बायपास रोड धान मंडी के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की गई. दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब नशीली दवाओं के नेटवर्क और सप्लाई चैन की जांच में जुटी है.
चलती कार में डांस स्टंटबाजी, पुलिस ने पकड़ा वाहन
बिलासपुर. रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार के सनरूफ में बैठकर डांस करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चकरभाठा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना चकरभाठा क्षेत्र अंतर्गत 24 मई को बीएमडब्ल्यू वाहन क्रमांक सीजी 10 सीए 3999 का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ, जिसमें चलती कार के सनरूफ में बैठकर डांस करते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था. वीडियो सामने आते ही पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई और तत्काल कार्रवाई शुरू की गई. पुलिस ने संबंधित बीएमडब्ल्यू वाहन को पकड़कर थाना चकरभाठा लाया. वाहन चालक की पहचान प्रतीक लूथर (36 वर्ष), पिता संजय लूथर, निवासी ओम जोन शुभम विहार, मंगला, बिलासपुर के रूप में हुई. पूछताछ के दौरान चालक ने वाहन से यातायात नियमों के उल्लंघन की बात स्वीकार की. चकरभाठा पुलिस ने बीएमडब्ल्यू वाहन को जब्त कर लिया है तथा वाहन चालक सहित संबंधित अन्य लोगों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने आम नागरिकों से भी सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और जान जोखिम में डालने वाली गतिविधियों से बचने की अपील की है.
आजाद हिंद एक्सप्रेस दो दिन बदले मार्ग से पुणे जाएगी
बिलासपुर. पुणे रेल मंडल में चल रहे कार्य के कारण हावड़ा-पुणे आजाद हिंद एक्सप्रेस मंगलवार व गुरूवार को बदले मार्ग से पुणे जायेगी. अधोसंरचना विकास हेतु मध्य रेलवे के पुणे मंडल के दौंड-मनमाड सेक्शन में विसापुर-रांजणगांव रोड-सारोला स्टेशनों के मध्य में दोहरीकरण लाइन कनेक्टीविटी हेतु प्री-एनआई व एनआई का कार्य किया जा रहा है. इसके फलस्वरूप 26 व 28 मई को हावड़ा से चलने वाली गाड़ी संख्या 12130 हावड़ा-पुणे आजाद हिन्द एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग व्हाया मनमाड-नासिक रोड-कल्याण-पनवेल-कर्जत-लोनावला होकर पुणे जाएगी.

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 2 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एफसीआई चौक तारबाहर इलाके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी व्हाट्सएप और ऑनलाइन लिंक के जरिए क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे थे. पुलिस ने घेराबंदी कर निखिल शर्मा और अविनाश पंजवानी को रंगे हाथ पकड़ा.
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी Balajionline777 और JMDBET प्लेटफॉर्म के जरिए ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे. मोबाइल जांच में व्हाट्सएप चैट, ऑनलाइन लेनदेन रिकॉर्ड और सट्टे के हिसाब-किताब से जुड़े स्क्रीनशॉट मिले हैं. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन और एक KIA कार जब्त की है. दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 112 BNS और 7(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है. वहीं नागपुर और सतना से जुड़े ऑनलाइन नेटवर्क की भी जांच जारी है.
10 वर्षीय मासूम से दुष्कर्म, जंगल से गिरफ्तार हुआ आरोपी
बिलासपुर. जिले में 10 वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म का शर्मासार करने वाला मामला सामने आया है. आरोपी युवक बच्ची को मोटरसाइकिल में बैठाकर घुमाने ले गया था और सुनसान खेत में वारदात को अंजाम दिया. परिजनों ने रातभर तलाश की लेकिन वह नहीं मिली. जब पीड़िता घर पहुंची तो उसने आपबीती बताई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई.
मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी रंजीत यादव उर्फ दउआ के खिलाफ 64 BNS और POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज किया. वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था. बेलगहना चौकी पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद से जंगल में तलाश अभियान चलाया और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है.
कोल माफिया पर बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. हिर्री थाना पुलिस ने कोल माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उच्च गुणवत्ता वाले कोयले की हेराफेरी का खुलासा किया है. मामले में डिपो संचालक, वाहन मालिक और तीन ट्रेलर चालकों समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस जांच में सामने आया कि पेण्ड्रीडीह स्थित डिपो में महंगे जी-6 ग्रेड कोयले की जगह निम्न गुणवत्ता वाला कोयला भरकर हेराफेरी की जा रही थी. एसईसीएल अमेरा विश्रामपुर खदान से लोड हुआ उच्च गुणवत्ता का कोयला रास्ते में बदल दिया जाता था और सिलतरा स्थित गोपाल स्पंज एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड भेजा जाता था.
मामले का मास्टरमाइंड डिपो संचालक नरेश अग्रवाल बताया जा रहा है. वाहन मालिक गंगा प्रसाद साहू समेत तीन ट्रेलर चालकों की मिलीभगत भी उजागर हुई है. आरोप है कि हर ट्रेलर से करीब 5-5 टन कोयला उतारा जाता था. आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 316(3), 317(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने निम्न गुणवत्ता वाले कोल का सैंपल भी जब्त कर लिया है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

