Bilaspur News Update : बिलासपुर। बिलासपुर में लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव जमकर भड़क गए। बहतराई स्टेडियम के अधूरे निर्माण कार्यों को लेकर उन्होंने ईई, एसडीओ सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

कलेक्टर संजय अग्रवाल की मौजूदगी में निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने 2017 से लंबित चल रहे कार्यों की धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान सरल स्वभाव के उपमुख्यमंत्री का ऐसा रूप पहली बार सामने आया। अधिकारियों से उन्होंने कहा कि अगली बार आया और काम नहीं हुआ तो आप दिक्कत में पड़ जाएंगे। काम कंप्लीट करिए।
तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र के चांटीडीह इलाके का है, जहां पुलिस ने जाहीद शेख उर्फ चिढ़्ढा (20 वर्ष) को पकड़ा है। आरोपी के कब्जे से धारदार लोहे की तलवार भी बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने सार्वजनिक जगह पर तलवार लहराकर लोगों में भय का माहौल उत्पन्न किया था, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया। इस मामले में आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
विकास योजनाओं की प्रदर्शनी आज से
बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफलतापूर्वक 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा शहर एवं ग्रामीण द्वारा 12 साल विश्वास के विकास के जनकल्याण के थीम पर आधारित तीन दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों में हुए जनकल्याणकारी कार्यों, विकास योजनाओं एवं उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। देशभर में विभिन्न चरणों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें जनसंपर्क अभियान जिला मुख्यालयों में प्रेस कॉन्फ्रेंस, कृषि कार्यशाला, स्वच्छता अभियान जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की प्रदर्शनी लगा कर आमजनों तक पहुंचाने की योजना है। भाजपा द्वारा राघवेंद्र राव सभा भवन में 18, 19 एवं 20 जून को तीन दिवसीय प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी का उद्घाटन 18 जून गुरुवार को शाम 5 बजे किया जाएगा।
राजस्व निरीक्षकों का तबादला
जांजगीर-चांपा। जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने भू-अभिलेख शाखा अंतर्गत कार्यरत राजस्व निरीक्षकों की नवीन पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश प्रशासनिक एवं कार्यालयीन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया है।
जारी आदेश के तहत अशोक कुमार साहू को राजस्व निरीक्षक मंडल जांजगीर से अमोरा, मिमांशु भास्कर को सुकली से मुलमुला, ऋचा राठौर को बिरगहनी से नजूल चांपा, चंदराम साहू को नवागढ़ से पहरिया तथा किशोर सिंह सिदार को शिवरीनारायण से सारागांव पदस्थ किया गया है। वहीं जितेंद्र सिंह को कोटगढ़ एवं अकलतरा से बलौदा, जागेश्वर सिहानी को बलौदा से अकलतरा, रामायण प्रसाद सूर्यवंशी को पहरिया से बम्हनीडीह, जयनारायण भूपेंद्र को मुलमुला से शिवरीनारायण तथा आदित्य झा को राहौद से पामगढ़ भेजा गया है।
इसके अलावा संजय सोनी को खरौद से राहौद, शीला देवांगन को नजूल चांपा से सुकली, भागवत सिंह गौड़ को सारागांव से जांजगीर, शेख मोहम्मद मुजीब को बम्हनीडीह से नवागढ़ तथा साहेब लाल टंडन को राजस्व निरीक्षक वर्कलोड से नजूल शाखा जिला कार्यालय में पदस्थ किया गया है। कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। कलेक्टर कार्यालय की ओर से जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। प्रशासन का मानना है कि इस फेरबदल से राजस्व कार्यों के संचालन में तेजी आएगी और आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
धूमधाम से मनाई गई महाराणा प्रताप जयंती
जांजगीर-चांपा जिले में भी महाराणा प्रताप जयंती धूमधाम से मनाई गई। राजपूत क्षत्रिय समाज द्वारा महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर बुधवार की शाम भव्य रैली निकाली गई, जिसमें क्षत्रिय समाज के लोग केरा रोड स्थित महाराणा प्रताप चौक से रैली निकालकर नेताजी चौक पहुंचे और शौर्य प्रदर्शन करते हुए कचहरी चौक पहुंचे। इस दौरान समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान भी किया गया।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

