Bilaspur News Update, बिलासपुर। जिले के स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था और शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। संयुक्त संचालक शिक्षा अश्विनी भारद्वाज ने बिल्हा, चकरभाठा, हरदी और हिर्री क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्कूलों में शिक्षकों की अनुपस्थिति, निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार अध्यापन नहीं होने और मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता में खामियां सामने आईं।
चकरभाठा कन्या स्कूल में मिली बड़ी लापरवाही
निरीक्षण के दौरान चकरभाठा कन्या स्कूल में प्राचार्य समेत कई शिक्षकों की अनुपस्थिति मिली। स्कूल में कुल 17 व्याख्याताओं में से केवल 4 ने निर्धारित कालखंड में अध्यापन कराया। निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कक्षाएं नहीं लेने पर संयुक्त संचालक ने प्राचार्य से स्पष्टीकरण मांगा है।
आत्मानंद स्कूल में भी कार्रवाई के निर्देश
बिल्हा स्थित आत्मानंद स्कूल के निरीक्षण के दौरान संकुल समन्वयक द्वारा नियमित रूप से अध्यापन नहीं किए जाने की बात सामने आई। इस पर संयुक्त संचालक ने संबंधित के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए और स्कूल की शिक्षण व्यवस्था में सुधार करने को कहा।
मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर जताई नाराजगी
हरदी प्राथमिक शाला में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं मिली। इस पर भोजन तैयार करने वाले समूह और प्रधान पाठक को चेतावनी दी गई। साथ ही भोजन की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
संलग्नीकरण को लेकर भी जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान स्कूलों में कर्मचारियों के संलग्नीकरण को लेकर भी संयुक्त संचालक ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए और शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए।
संयुक्त संचालक ने स्पष्ट किया कि स्कूलों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, समय-सारिणी के अनुसार अध्यापन और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
आकाशीय बिजली की चपेट में आकर 3 की मौत
बिलासपुर। कोटा क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में दो साढू भाई समेत 3 लोगों की मौत हो गई। कोटा पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
लखोदना गांव के निवासी मन्ना यादव और नवाडीह बेलगहना निवासी कुंजराम यादव दोनों की शादी लखोदना में हुई थी, और वे आपस में साढू थे। बुधवार शाम खेत की ओर गए थे। शाम 6 बजे अचानक तेज बारिश हुई, इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने से वे चपेट में आ गए। दोनों को गंभीर हालत में उपचार के लिए कोटा पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना कोटा क्षेत्र के मानपुर में हुई। जहां रहने वाले जागेश्वर जगत बुधवार शाम अपने खेत की मेड़ बांधने के लिए गए थे। शाम को अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए जागेश्वर खेत के पास एक पेड़ के नीचे चले गए। इसी दौरान पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से जागेश्वर गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
तीन मामलों में आरोपी रिसॉर्ट मैनेजर गिरफ्तार
बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र में पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में आरोपी रिसॉर्ट मैनेजर आकाश तिवारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट करने, रास्ता रोककर जान से मारने की धमकी देने तथा शराब के नशे में वाहन रोककर चाबी छीनने के आरोप में अपराध दर्ज हैं।
तीन अलग-अलग मामलों में दर्ज था अपराध
पुलिस के मुताबिक, आरोपी आकाश तिवारी के खिलाफ कोटा थाने में तीन अलग-अलग अपराध दर्ज थे। आरोप है कि उसने रात के समय एक घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की थी।
इसके अलावा एक अन्य मामले में आरोपी पर रास्ता रोककर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। वहीं तीसरे मामले में शराब के नशे में वाहन रोककर उसकी चाबी छीनने का आरोप लगाया गया है।
कोटा पुलिस ने किया गिरफ्तार
लगातार दर्ज इन मामलों के बाद कोटा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाश तिवारी, निवासी पड़ावपारा कोटा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांजा तस्करी की महिला सरगना गिरफ्तार
बिलासपुर। ट्रेन के जरिए गांजा तस्करी कराने वाली महिला सरगना को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। बिलासपुर जीआरपी की टीम ने ओडिशा के संबलपुर से आरोपी महिला अनुपमा मोहंती को पकड़ा है। महिला पर युवाओं को कमीशन देकर अलग-अलग शहरों में गांजे की खेप पहुंचाने का आरोप है।
55 किलो से ज्यादा गांजा हुआ था बरामद
करीब तीन महीने पहले जीआरपी ने गांजा तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए चार तस्करों से 55 किलो 150 ग्राम गांजा बरामद किया था। बरामद गांजे की कीमत करीब 27 लाख 57 हजार रुपये बताई गई है।
मामले की जांच और आरोपियों से पूछताछ के दौरान जीआरपी को गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़ी महिला के बारे में जानकारी मिली। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस महिला सरगना तक पहुंची।

कमीशन देकर युवाओं से करवाती थी तस्करी
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला कथित तौर पर युवाओं को कमीशन देकर गांजे की खेप अलग-अलग शहरों तक भेजती थी। इसके लिए ट्रेन के माध्यम से गांजा पहुंचाने का नेटवर्क संचालित किए जाने की जानकारी सामने आई है।
जीआरपी ने जांच के बाद ओडिशा के संबलपुर में कार्रवाई कर अनुपमा मोहंती को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब गांजा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

