Bilaspur News Update : बिलासपुर। बिल्हा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर बदमाश सत्यप्रकाश उर्फ सत्या घृतलहरे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर क्रेशर संचालकों और ट्रक चालकों से अवैध उगाही करने, शराब के लिए पैसे मांगने और विरोध करने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप हैं।

जानकारी के अनुसार, आरोपी ग्राम पंचायत के सामने टेंट लगाकर वाहनों को रोककर कथित ‘रॉयल्टी चेक’ के नाम पर अवैध वसूली कर रहा था। वह “शासन-प्रशासन मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता” कहकर लोगों को डराता था और चकरभाठा व बिल्हा क्षेत्र में अपने साथियों के साथ मिलकर दहशत फैला रहा था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सिरगिट्टी क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। मौके से टेंट और कुर्सियां भी जब्त की गई हैं। पुलिस अन्य आरोपियों दिलेश घृतलहरे, सोना कोसले, नारायण रात्रे, सुनील अनंत सहित उसके साथियों की तलाश में जुटी हुई है।
स्कूटी सवार से लूट मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग शामिल
बिलासपुर। स्कूटी सवार युवक से मारपीट कर लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में दो युवक और एक नाबालिग शामिल हैं। 16 जून की देर रात सेवार रोड पर हुई इस वारदात में आरोपियों ने चाकू दिखाकर पीड़ित से 395 रुपये और स्कूटी लूट ली थी।

जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने पहले युवक को थप्पड़ मारकर सड़क पर गिराया और उसके बाद वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद सभी आरोपी बिलासपुर से फरार होने की फिराक में थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नयापारा सिरगिट्टी क्षेत्र से उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश यादव उर्फ रवि यादव, रोहन दास और एक नाबालिग के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई प्लेजर मोपेड, 395 रुपये नगद और वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। यह कार्रवाई चकरभाठा पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
रतनपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा, दो सगे भाइयों की मौत
बिलासपुर। रतनपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें कोयले से भरी तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बाइक सवार दो सगे भाई ट्रेलर के नीचे दब गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान संदीप रजक और प्रदीप रजक के रूप में हुई है, जो काम से लौटकर अपने घर जा रहे थे। यह हादसा बीते देर रात बेलतरा के पास हुआ, जहां प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना का मुख्य कारण बताया जा रहा है।
एक ही परिवार के दो कमाऊ बेटों की मौत से बेलतरा इलाके में शोक की लहर है। घटना की सूचना पर रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।
पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 99,906 किसानों को मिलेंगे 19.98 करोड़ रुपये
बिलासपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के अंतर्गत किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की दिशा में 20 जून 2026 को 23वीं किस्त जारी की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से दोपहर 3.45 बजे देशभर के पात्र किसानों के खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से राशि हस्तांतरित करेंगे। इस अवसर पर बिलासपुर जिले के 99 हजार 906 किसान परिवारों को लगभग 19 करोड़ 98 लाख रुपये की राशि प्राप्त होगी। यह सहायता खरीफ सीजन के दौरान किसानों को बीज, उर्वरक एवं अन्य कृषि आदानों की व्यवस्था करने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करेगी।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की सहायता तीन समान किस्तों में प्रदान की जाती है। प्रत्येक चार माह के अंतराल पर 2 हजार रुपये की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है। इससे पहले 22वीं किस्त मार्च 2026 में जारी की गई थी। योजना के सफल क्रियान्वयन एवं प्रधानमंत्री के संबोधन के लाइव प्रसारण के लिए कृषि विज्ञान केंद्र, सरकंडा में विशेष व्यवस्था की गई है। यहां जिले के किसान कार्यक्रम से जुड़कर प्रधानमंत्री का संबोधन सुन सकेंगे तथा योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी ई-केवाईसी, एग्रीस्टैक फार्मर्स आईडी, आधार सत्यापन तथा बैंक खाते की जानकारी अद्यतन रखें, ताकि किस्त की राशि प्राप्त करने में किसी प्रकार की समस्या न हो।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

