Bilaspur News Update : बिलासपुर. छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है. बिलासपुर में सुबह से बादल छाए हुए हैं और बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है, जिसकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. अगले 24 घंटे में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 17 अगस्त को भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है. रविवार को बिलासपुर में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि अधिकतम तापमान 30.2 और न्यूनतम 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा. बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के चलते बारिश का असर और बढ़ने की संभावना है.
ड्राई डे पर अवैध शराब बिक्री
बिलासपुर. शहर में ड्राई डे के दिन अवैध शराब बिक्री का मामला सामने आया है. कोटा पुलिस ने डाक बंगला इलाके में छापेमारी कर भारी मात्रा में देशी और विदेशी शराब जब्त की है. कार्रवाई के दौरान आरोपी चंद्रमोहन साहू को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने मौके से 21 नग अंग्रेजी शराब, 17 नग शोले देशी मसाला, 15 नग शेरा देशी प्लेन और 4 नग रोमियो शराब समेत कुल 57 बोतलें बरामद कीं, जिनकी कीमत करीब 5,740 रुपये बताई गई है. इसके अलावा अवैध शराब बिक्री से प्राप्त 2,150 रुपये भी जब्त किए गए. आरोपी पर स्वतंत्रता दिवस के ड्राई डे पर शराब बेचकर अवैध कमाई करने का आरोप है. पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है.
साइबर ठगी के खिलाफ जागरूकता अभियान
बिलासपुर. बिलासपुर में साइबर ठगी के खिलाफ 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. अभियान के दौरान डिजिटल अरेस्ट, UPI फ्रॉड, फर्जी कॉल, जॉब फ्रॉड और फिशिंग जैसी साइबर ठगी से बचने के तरीकों की जानकारी लोगों को दी जाएगी. स्कूल-कॉलेजों से लेकर गांवों तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. वहीं, ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ के जरिए भी अभियान का प्रचार-प्रसार किया जाएगा. 2 अक्टूबर को अभियान का समापन होगा.
रेलवे लोको पायलट के सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना
बिलासपुर. सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर में चोरों ने एक रेलवे लोको पायलट के सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए. वारदात के दौरान चोरों ने पहले चैनल गेट का ताला तोड़ा और फिर मुख्य दरवाजा उखाड़कर घर के भीतर प्रवेश किया. इसके बाद बेडरूम में रखी आलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे जेवरात चोरी कर फरार हो गए. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
राजकिशोर नगर स्थित पंचाली विहार निवासी सतानंद जंघेल रेलवे में लोको पायलट हैं. वे 14 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे अपने परिवार के साथ बच्चे की शतरंज प्रतियोगिता में शामिल होने भिलाई गए थे. दूसरे दिन उनके पड़ोसी राजेश सोनी ने फोन कर बताया कि उनके मकान के चैनल गेट का ताला टूटा हुआ है और मुख्य दरवाजा भी उखड़ा हुआ दिखाई दे रहा है. सूचना मिलने पर सतानंद अपने परिवार के साथ बिलासपुर पहुंचे. घर पहुंचने पर पुलिस भी मौके पर मौजूद थी. अंदर जाकर देखा तो चैनल गेट और मुख्य प्रवेश द्वार क्षतिग्रस्त थे. बेडरूम की आलमारी का दरवाजा और लॉकर टूटा हुआ था, जबकि कपड़े सहित अन्य सामान बिखरा पड़ा था. पीड़ित के मुताबिक लॉकर में रखे तीन सोने के सेट, डायमंड अंगूठी, दो मंगलसूत्र, सोने की चूड़ियां, दो सोने की चेन, डायमंड रिंग, चोकर, हार, सीताहार, बाली, टॉप्स सहित चांदी की चार पायल और 10 बिछिया गायब मिले. चोरी गए जेवरों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है.

सरकंडा पुलिस ने धारा 305(ए) और 331(4) बीएनएस के तहत अज्ञात चोर के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है. पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है.


