Bilaspur News Update : बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 24 घंटे के भीतर आग लगने की दूसरी बड़ी घटना सामने आई है. बुधवारी बाजार क्षेत्र के बाद अब शनिचरी सब्जी मंडी में भीषण आग लग गई है. यहां 14 से 15 दुकानें जलकर खाक हो गई है. घटना में व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान होने की जानकारी है. शुरूआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है.
बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
प्रभावित व्यापारियों ने घटना में बिजली विभाग की लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है. उनका कहना है कि दुकानों के शटर में करंट आने की शिकायत पूर्व में की गई थी, लेकिन विभाग ने कोई स्थाई समाधान नहीं किया. कर्मचारी सिर्फ सप्लाई बंद कर लौटे गए.
जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात करीब 2 बजे शनिचरी सब्जी मंडी में रखी ज्वलनशील सामग्री के कारण तेजी से आग फैली. घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. लोगों की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं, जिसके बाद आग बुझाने का काम शुरू हुआ. घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. इससे आसपास की दुकानें और रिहायशी इलाका सुरक्षित रहा.
तालाब में दो भाइयों की डूबने से मौत
बिलासपुर. सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम नरगोड़ा के लुदियापारा में शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे से पूरे गांव को मातम छा गया. तालाब में नहाने गए दो सगे मासूम भाइयों की डूबने से मौत हो गई. बताया जा रहा है कि परिवार पहले से ही बुजुर्ग की मौत के बाद गमगीन था, लेकिन दो भाईयों की अकाल मौत ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया है.
मिली जानकारी के अनुसार, नरगोड़ा निवासी किशोर कुमार खरे के पुत्र ऋषभ कुमार खरे और रितेश कुमार खरे सुबह करीब 8 बजे अपने साथी निहाल के साथ गांव के नए तालाब में नहाने गए थे. नहाते समय दोनों भाई अनजाने में गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. उनके साथ मौजूद निहाल घबराकर तत्काल गांव पहुंचा और परिजनों को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण दौड़ते हुए तालाब पहुंचे. जोगीराम सूर्यवंशी सहित अन्य ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. दोनों मासूमों की सांसें थम चुकी थीं. घटना की जानकारी मिलते ही सीपत पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक जांच में मौत का कारण गहरे पानी में डुबना पाया गया है. पोस्टमार्टम के बाद दोनों बच्चों के शव परिजनों को सौंप दिया गया है. इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. सबसे ज्यादा दर्दनाक स्थिति बच्चों की मां की है, जिसका रो-रोकर बुरा हाल है. कुछ घंटे पहले तक जिन बच्चों की हंसी से घर गूंज रहा था, उनके हमेशा के लिए बिछड़ जाने का यकीन मां को नहीं हो पा रहा है. गांव के लोग परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं, लेकिन इस अपूरणीय क्षति के सामने सांत्वना के शब्द भी छोटे पड़ गए हैं. पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है.
दादा के दशकर्म में आया था परिवार
परिजनों के अनुसार रविवार को मासूम बच्चों के दादा का दशकर्म कार्यक्रम था. इसी वजह से बच्चों के पिता, दिल्ली से सीपत पहुंचें थे, दरअसल रोजी-रोटी कमाने के लिए बच्चे के पिता दिल्ली में रहते है. गुरुवार सुबह ही अपने परिवार के साथ गांव लौटे थे. परिवार अभी दशकर्म के बाद के माहौल से उबर भी नहीं पाया था कि शुक्रवार सुबह दोनों मासूम भाइयों की तालाब में डूबने से मौत हो गई. एक ही सप्ताह में परिवार पर दोहरी त्रासदी टूट पड़ने से घर में मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है.
कलेक्टोरेट से गोलबाजार तक बनेगा नो-पार्किंग जोन
बिलासपुर. शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और बाजार क्षेत्रों में बढ़ती भीड़ तथा जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने नेहरू चौक से कलेक्ट्रेट मार्ग तथा सदर बाजार से हटरी चौक जूना बिलासपुर तक के क्षेत्र को नो-पार्किंग जोन घोषित करने की तैयारी शुरू कर दी है. इसके तहत विभिन्न स्थानों पर ‘ड्रॉप एंड गो’ व्यवस्था लागू की जा रही है और संबंधित क्षेत्रों में बैरिकेड्स लगाए जा रहे हैं. पुलिस अधिकारियों के अनुसार इन प्रमुख मार्गों पर सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने से यातायात प्रभावित होता है. विशेष रूप से गोल बाजार, नेहरू चौक और कलेक्ट्रेट क्षेत्र में दिनभर वाहनों की भारी आवाजाही रहती है, जिससे अक्सर जाम की स्थिति निर्मित होती है. वहीं सदर बाजार से गोलबाजार, हटरी चौक, जूना बिलासपुर चौक तक दुकानों के सामने दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़े कर दिए जाने के कारण आम लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की जाएगी. ‘ड्रॉप एंड गो’ व्यवस्था के तहत वाहन चालक केवल यात्रियों को उतारने या लेने के लिए कुछ समय के लिए रुक सकेंगे, लेकिन लंबे समय तक वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी. मल्टी लेवल पार्किंग का करें उपयोगः यातायात पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित मल्टी लेवल पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें. गोल बाजार जाने वाले नागरिक सिटी कोतवाली थाना परिसर के बगल में बने मल्टीलेवल पार्किंग में अपने वाहनों को खड़ा करें. वहीं कलेक्ट्रेट और नेहरू चौक क्षेत्र में आने वाले लोग वहां उपलब्ध मल्टी लेवल पार्किंग में अपने वाहनों को रखें.
नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे ने बताया कि संडे मार्केट के ट्रांसफर के बाद भी इन बढ़ोतरी पर भीड़ कम नहीं हुई है. ट्रैफिक को व्यवस्थित करने और सड़क को इंतजाम एवं अवैध पार्किंग से मुक्त रखने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
5वीं-8वीं की पूरक परीक्षाएं आज से
बिलासपुर. कक्षा 5वीं व 8वीं की पूरक परीक्षाएं 6 से 12 जून तक आयोजित होंगी. कक्षा 5वीं में 6 जून को हिन्दी, 8 को गणित, 10 को पर्यावरण और 12 को अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी. परीक्षाएं सुबह 8 से 10 बजे तक संचालित होंगी. वहीं कक्षा 8वीं में हिन्दी, गणित, सामाजिक विज्ञान, अंग्रेजी, संस्कृत-उर्दू एवं विज्ञान विषय की परीक्षाएं 6 से 12 जून के बीच होंगी.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

