Bilaspur News Update : बिलासपुर. सरकंडा थाना क्षेत्र के कपिल नगर में एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी दो कारों, दो स्कूटी और एक मकान से जा टकराई. हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दुर्घटना के बाद चालक बोलेरो मौके पर छोड़कर फरार हो गया. सरकंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है.

गुंडा-बदमाशों और चाकूबाजों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बिलासपुर. पुलिस ने शहरभर में गुंडा-बदमाशों और चाकूबाजों के खिलाफ विशेष सघन अभियान चलाया. जिले के सभी थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ रेड कर 90 संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनका सत्यापन किया गया. पुलिस ने 76 आदतन गुंडा-बदमाशों और चाकूबाजों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की, जबकि 12 आरोपियों पर धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई. इस दौरान दो आरोपियों के कब्जे से अवैध धारदार हथियार बरामद हुए, जिनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने निगरानी बदमाशों के घरों पर दबिश देकर उनकी गतिविधियों का सत्यापन भी किया और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को जिला बदर सहित कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी.

महिला से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर. तोरवा थाना क्षेत्र में महिला से अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ करने के आरोपी धरम यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पर महिला के साथ अश्लील हरकत, गाली-गलौज करने और बदनीयती से छूने का आरोप है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74, 296, 115(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

लापरवाहीपूर्वक ड्राइविंग करने वालों पर सख्ती

बिलासपुर. यातायात विभाग ने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है. पिछले पांच महीनों में ऐसे 2,621 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई है. शहरभर में लगे आईटीएमएस (ITMS) कैमरों की मदद से नियम तोड़ने वालों की पहचान की जा रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन, ईयरबड या ईयरफोन का उपयोग मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रतिबंधित है. साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड सहित अन्य आपातकालीन वाहनों को रास्ता देने में सहयोग करें.

सट्टा गैंग पर पुलिस का शिकंजा

बिलासपुर. पुलिस ने अवैध सट्टा नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार और आदतन सटोरियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध के तहत भी मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं. सभी आरोपियों के खिलाफ पहले भी जुआ और सट्टा से जुड़े मामले दर्ज हैं. उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम-2022 की धारा 6, 7 और बीएनएस की धारा 112 के तहत कार्रवाई की गई है. एसपी रजनेश सिंह के निर्देशन में जिलेभर में अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ लगातार अभियान जारी है. हाल ही में सट्टा सरगना किशन चंद की गिरफ्तारी के बाद यह दूसरी बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H