Bilaspur News Update : बिलासपुर. जिले में प्रतिबंध के बावजूद अवैध नलकूप (बोरवेल) खनन पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है. ग्राम घुटकू में बिना अनुमति कराए जा रहे बोरवेल खनन की सूचना पर प्रशासन की टीम ने छापा मारकर मौके पर ही खनन कार्य रुकवा दिया. कार्रवाई के दौरान बोरवेल खनन में लगे दो वाहन (CG 10 M 2700 और CG 10 BD 9621) जब्त कर थाना कोनी के सुपुर्द किए गए. संचालकों से अनुमति संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके. कलेक्टर के आदेश के पालन में नायब तहसीलदार ने यह कार्रवाई की. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
प्लॉट आबंटन विवाद की पुलिस जांच शुरू, तत्कालीन अधिकारी का VIDEO वायरल
बिलासपुर. नगर निगम के व्यापार विहार स्थित दुकानों और 10 से अधिक खाली प्लॉटों के आबंटन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है. मामले में पूर्व महापौर रामशरण यादव और तत्कालीन संपदा अधिकारी राजेश देवांगन पर गंभीर आरोप हैं. राजेश देवांगन का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और तूल पकड़ गया है. कोर्ट में दायर परिवाद के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. शिकायत में प्लॉट खरीदार निखिल अग्रवाल सहित रीता अग्रवाल, रितु अग्रवाल, स्मृति अग्रवाल और चित्रांगदा अग्रवाल पर रिश्वत देने के आरोप लगाए गए हैं. वर्ष 2020-21 में व्यापार विहार के प्लॉट नंबर A-23 की करीब 7500 वर्गफुट भूमि गणेश ट्रेडर्स के निखिल अग्रवाल के नाम दर्ज की गई थी. गड़बड़ी की आशंका पर तत्कालीन कलेक्टर ने संबंधित टेंडर निरस्त कर दिया था, जिसके बाद राशि वापसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ.
कोयला हेराफेरी मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. करोड़ों रुपये की कोयला हेराफेरी के मामले में मस्तुरी पुलिस ने दो फरार आरोपियों वैभव सोनी उर्फ चुकलू और निखिल साहू को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और 1,000 रुपये नकद जब्त किए गए हैं. पुलिस के अनुसार, गेवरा माइंस से लोड उच्च गुणवत्ता वाले जी-11 कोयले को रास्ते में बदलकर कोल डिपो में उतारा जाता था और उसकी जगह गिट्टी मिश्रित निम्न गुणवत्ता का कोयला ट्रेलरों में भरकर राशि स्टील एंड पावर लिमिटेड को सप्लाई किया जाता था, जिससे कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ. इस मामले में पहले ही चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी. अब कुल छह आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं. पुलिस पहले ही तीन ट्रेलर, एक रोलर मशीन और करीब 30 टन कोयला जब्त कर चुकी है. मामले की जांच जारी है.
शनिचरी टंकी की सफाई आज शाम को नहीं मिलेगा पानी
बिलासपुर. नगर निगम द्वारा 30 जून (मंगलवार) को शनिचरी पड़ाव स्थित पानी टंकी की सफाई कराई जाएगी. इसके चलते मंगलवार शाम संबंधित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी. सफाई कार्य के कारण सुभाष नगर, गोंडपारा, डबरीपारा, शनिचरी बाजार, मौर्य बाड़ा तथा खपरगंज के आंशिक क्षेत्रों में शाम की जलापूर्ति बंद रहेगी. नगर निगम ने नागरिकों से अग्रिम रूप से आवश्यक पानी का संग्रह करने की अपील की है. निगम के अनुसार, सफाई कार्य की प्रगति के आधार पर जलापूर्ति बाधित रहने की अवधि आवश्यकता अनुसार घटाई या बढ़ाई जा सकती है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

