Bilaspur News Update : बिलासपुर. जरा सी चूक युवक को भारी पड़ गई. कुएं की दीवार पर बैठकर युवक बीड़ी पी रहा था, अचनाक बैलेंस बिगड़ने के कारण वह सीधे कुएं में जा गिरा. पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान टुडेश्वर यादव के रूप से हुई है. वह किसानी का काम करता था. घटना कोटा थाना क्षेत्र की है.
जानकारी के मुताबिक, सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कुएं से बाहर निकलवाया. पंचनामा कार्रवाई के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है. वहीं पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए शव सौंप दिया गया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बीड़ी पीने के दौरान युवक का बैलेंस बिगड़ने के कारण वह 20 फीट गहरे कुएं में गिर गया. आपसास मौजूद लोगो ने उसे बचान के प्रयास किया, लेकिन युवक पानी में समा गया. डूबने के कारण उसकी मौत हो गई.
रेलवे टिकट कलेक्शन का कैश लेकर जा रहे कर्मचारी से लूट
बिलासपुर. कोटा थाना क्षेत्र में रेलवे टिकट कलेक्शन की राशि लेकर जा रहे एक निजी कंपनी के कर्मचारी से दिनदहाड़े झपटमारी की वारदात सामने आई है. दो बदमाशों ने सुनसान इलाके में कर्मचारी को धक्का देकर बाइक से गिरा दिया और नकदी व रेलवे दस्तावेजों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, ग्राम श्रीपारा निवासी भिखारी सिंह ध्रुव (33) सीएमएस कंपनी के माध्यम से रेलवे टिकट कलेक्शन का काम करते हैं. बुधवार को वह बेलगहना रेलवे स्टेशन से स्टेशन मास्टर के पास से 7,430 रुपये, टीआर पर्ची और कलेक्शन पर्ची लेकर करगीरोड रेलवे स्टेशन जा रहे थे. दोपहर करीब 12 बजे सल्का डेम के पास बड़े बरर मोड़ के आगे दो नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया. एक आरोपी ने उनके कंधे से बैग झपट लिया और धक्का देकर गिरा दिया, जबकि दूसरा बिना नंबर की पल्सर बाइक पर पहले से मौजूद था. वारदात के बाद दोनों आरोपी सल्का की ओर फरार हो गए. घटना की सूचना कंपनी अधिकारियों को देने के बाद पीड़ित ने कोटा थाना में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश जारी है.
मरीज को एयरलिफ्ट कर हैदराबाद ले जाने बनाया ग्रीन कॉरिडोर
बिलासपुर. डीआईजी व एसएसपी रजनेश सिंह के दिशा निर्देश और एएसपी यातायात रामगोपाल करियारे के मागैदर्शन में गंभीर रूप से बीमार मरीज जिन्हें एयरलिफ्ट करके हैदराबाद पहुंचाना था. मरीज के परिजन के आग्रह और मरीज की गंभीर व नाजुक हालत को दृष्टिगत रखते हुए मार्ग को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर चकरभाठा एयरपोर्ट पहुंचाया गया. जहां से उन्हें एयरलिफ्ट कर हैदराबाद के अस्पताल में ले जाया गया. बिलासपुर के डॉक्टरों की विशेष टीम एवं अस्पताल स्टाफ टीम द्वारा 54 वर्षीय मरीज की गंभीर व नाजुक हालत को देखते हुए एयर एम्बुलेंस के माध्यम से यशोदा हॉस्पिटल, सोमाजीगुड़ा, हैदराबाद, तेलंगाना स्थानांतरित किया गया है. मरीज के दोनों फेफड़ों में निमोनिया संक्रमण, श्वसन विफलता तथा उच्च रक्तचाप की समस्या निदान है. वर्तमान में रोगी एनआईवी (नॉन-इनवेसिव वेंटिलेशन) सपोर्ट पर हैं. विदित हो कि पूर्व में भी इस तरह के ग्रीन कारीडोर व्यवस्था यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा की जा चुकी है. जिसमें दो जुड़वा नवजात शिशुओं को एयर एंबुलेंस के माध्यम से हैदराबाद सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल भेजा गया. जहांसे मां व दो नवजात शिशु सकुशल स्वस्थ होकर वापस आये थे. इस व्यवस्था के लिए यातायात पुलिस के द्वारा विशेष यातायात प्रबंध व्यवस्था करते हुए सूचना के तत्काल बाद ही कंट्रोल रूम के माध्यम से मार्ग में पड़ने वाले समस्त सिग्नल को अस्थाई रूप से बंद किया गया.
15 को सहायक शिक्षक करेंगे विधानसभा घेराव
डभरा. फेडरेशन द्वारा विभिन्न ज्वलंत मुद्दों को लेकर 15 जुलाई को एक दिवसीय रायपुर के तूता मैदान में धरना देकर विधानसभा घेराव कर आंदोलन किया जाएगा. सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप सूर्यवंशी ने बताया कि पहली मांग मोदी की गारंटी चुनावी जनघोषणा पत्र लागू कर सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर कर सभी को क्रमोन्नत वेतनमान दिया जाए. सेवा में बने रहने के लिए टेट उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता को समाप्त किया जाए, जिससे सालों से नौकरी कर रहे शिक्षकों को उनके अनुभव के आधार पर न्याय मिल सके. सभी शिक्षक समूह को तानाशाही रवैया अपनाते हुए व्हीएसके ऐप में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने हेतु विवश करना बंद किया जाए. उक्त ऐप में तकनीकी खराबी के ठीक होने तक किसी का वेतन नहीं काटा जाए. प्रथम नियुक्ति तिथि के अनुसार पेंशन योजना का लाभ प्रदान किया जाए. दिलीप सूर्यवंशी ने सभी शिक्षकों से 15 जुलाई को अपनी मांगों के लिए एक दिवसीय धरना आंदोलन और विधान सभा घेराव में शामिल होने की अपील की है.
300 KG गांजा तस्करी का मास्टरमाइंड शुभम गिरफ्तार
रायगढ़. लगभग 300 किलोग्राम गांजा तस्करी के बहुचर्चित मामले के मुख्य मास्टरमाइंड शुभम यादव को संयुक्त पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.
दरअसल, 5 जून 2026 को रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” के तहत उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही करीब 300 किलोग्राम गांजा की बड़ी खेप जब्त कर तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया था. कार्रवाई में लगभग 1.50 करोड़ मूल्य का गांजा, परिवहन में प्रयुक्त इनोवा क्रिस्टा एवं मारुति सुजुकी एक्सएल-6, पांच मोबाइल फोन सहित कुल 1.86 करोड़ मूल्य की संपत्ति जब्त की गई थी. पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों निखिल कश्यप, रिंकु कश्यप एवं धर्मेन्द्र कुमार मौर्य ने पूरे नेटवर्क का संचालन शुभम यादव के साथ मिलकर करने की जानकारी दी थी. इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर थाना एवं लैलूंगा पुलिस द्वारा आरोपी शुभम यादव की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया गया. गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन का तकनीकी विश्लेषण किया गया तथा मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी गई. 08 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि आरोपी केआईए कार से रायगढ़ क्षेत्र में देखा गया है. सूचना मिलते ही थाना साइबर की टीम ने संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की. पुलिस की गतिविधि भांपकर आरोपी तेज रफ्तार से वाहन लेकर भागने लगा. तत्काल सरहदी थानों को अलर्ट कर नाकेबंदी कराई गई. इसके बाद थाना साइबर एवं थाना लैलूंगा की संयुक्त टीम ने लैलूंगा मुख्य मार्ग स्थित कुंजारा के पास घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम यादव, पिता लखनलाल निवासी विवेकनगर कॉलोनी, थाना चचाई, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई. आरोपी के कब्जे से केआईए कार क्रमांक सीजी-10 बीई-5998 (कीमत लगभग 10 लाख), एक मोबाइल फोन, घड़ी, 3,000 नगद, वाहन की आरसी, चाबी और तीन एटीएम कार्ड सहित कुल 10.17 लाख मूल्य की संपत्ति जब्त की गई.
पूछताछ में आरोपी से गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है. आरोपी को थाना लैलूंगा के धारा 20 (बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

