बिलासपुर। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) के स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान शिक्षा बोर्ड शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सिम्स के 19 स्नातकोत्तर चिकित्सा पाठ्यक्रमों के नवीनीकरण को अस्थायी स्वीकृति प्रदान कर एमडी एवं एमएस पाठ्यक्रमों की कुल 91 सीटों पर प्रवेश की अनुमति दी है।
एनएमसी की स्वीकृति के अनुसार, एमडी के 14 पाठ्यक्रमों में 69 सीटें तथा एमएस के 5 पाठ्यक्रमों में 22 सीटें शामिल हैं। यह स्वीकृति सिम्स में स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और गुणवत्ता को बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने इस उपलब्धि पर कहा कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीजी पाठ्यक्रमों के नवीनीकरण की अनुमति मिलना संस्थान के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सिम्स परिवार, विशेषकर पीजी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं चिकित्सा शिक्षा से जुड़े सभी लोगों के लिए उत्साहवर्धक है। उन्होंने कहा कि एमडी एवं एमएस पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अनुमति मिलना संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशिक्षण व्यवस्था और चिकित्सा शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इससे विद्यार्थियों को बेहतर व्यावहारिक एवं चिकित्सकीय प्रशिक्षण के अवसर मिलेंगे और प्रदेश को भविष्य में अधिक संख्या में दक्ष एवं विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध हो सकेंगे।
सिम्स के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने भी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पीजी पाठ्यक्रमों के नवीनीकरण की अनुमति सिम्स के लिए एक महत्वपूर्ण और उत्साहवर्धक उपलब्धि है।
इन विभागों में मिली सीटों की स्वीकृति
एमडी पाठ्यक्रमों में सामुदायिक चिकित्सा में 5, फॉरेंसिक मेडिसिन में 2, एनाटॉमी में 3, बायोकेमिस्ट्री में फार्माकोलॉजी में 5 माइक्रोबायोलॉजी में 5 पीडियाट्रिक्स में 6, एनेस्थीसियोलॉजी में 8 त्वचा रोग में 3, जनरल मेडिसिन में 8, मनोचिकित्सा में 3, पैथोलॉजी में 9, रेडियो डायग्नोसिस में तथा रेस्पिरेटरी मेडिसिन में 2 सीटों को स्वीकृति मिली है वहीं एमएस पाठ्यक्रमों में ईएनटी की 4. नेत्र रोग की 3, प्रसूति एवं स्त्री रोग की 6, ऑर्थोपेडिक्स की 6 तथा जनरल सर्जरी की 6 सीटें शामिल हैं।
चिकित्सा शिक्षा को मिलेगा नया विस्तार
एनएमसी की यह स्वीकृति सिम्स की शैक्षणिक गतिविधियों को नई गति देने वाली मानी जा रही है। विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञताओं में पीजी सीटों की उपलब्धता से न केवल चिकित्सकीय शिक्षा का विस्तार होगा, बल्कि आने वाले वर्षों में प्रदेश को विभिन्न विशेषज्ञताओं के प्रशिक्षित चिकित्सक भी मिलेंगे। एनएमसी ने अपने स्वीकृति पत्र में स्पष्ट किया है. कि, वास्तविक सीटों की संख्या मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड द्वारा स्वीकृत संख्या के अनुसार ही मान्य होगी सिम्स प्रशासन ने इस उपलब्धि संस्थान के चिकित्सकों, शिक्षकों, पीजी विद्यार्थियों एवं समस्त कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया है।
जेवर चमकाने का झांसा देकर दो तोला सोने के आभूषण लेकर भागे ठग
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला में जेवर और बर्तन साफ कर चमकाने का झांसा देकर दो ठग एक महिला से करीब दो तोला वजन के सोने के आभूषण लेकर भाग निकले। महिला को संदेह हुआ और उसने शोर मचाया तो दोनों आरोपी जूते-चप्पल छोड़कर बाइक से फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
सिविल लाइन पुलिस के अनुसार मंगला दीनदयाल कॉलोनी निवासी स्मृति तिवारी अपनी दुकान पर बैठी थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। दोनों ने जेवर और बर्तन साफ कर चमकाने का काम करने की बात कही। उनकी बातों में आकर महिला ने पहले स्टील और पीतल के बर्तन साफ करने के लिए दिए। आरोपियों ने कुछ देर में बर्तनों को चमका दिया। इसके बाद आरोपियों ने महिला से सोने के जेवर साफ कराने के लिए कहा।
महिला ने सोने की चैन और बालियां उन्हें दे दी। आरोपियों ने जेवर को एक बर्तन में डालकर पीले पाउडर से साफ करने का झांसा दिया। कुछ देर बाद महिला ने बर्तन में हाथ डालकर देखा तो उसमें जेवर नहीं थे। ठगी का अहसास होते ही वह शोर मचाने लगी। महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे तो दोनों आरोपी पकड़े जाने के डर से अपने जूते-चप्पल वहीं छोड़कर बाइक से भाग निकले।
महिला ने तत्काल घटना की सूचना सिविल लाइन पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू की, लेकिन उनका पता नहीं चला। पुलिस ने मौके से मिले सामान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। मामले में ठगी का अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है।
जिला सहकारी बैंक मालामाल, खातों में 47 करोड़ से ज्यादा रकम
बिलासपुर। किसानों की जरूरतों से जुड़े जिला सहकारी केंद्रीय बैंक ने वित्तीय मजबूती के साथ अपनी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में भी कदम बढ़ाया है। बैंक की 112वीं वार्षिक आमसभा में वित्तीय वर्ष 2027-28 के लिए 381.45 करोड़ के बजट को अनुमोदन मिला। वहीं बैंक के 47.26 करोड़ के लाभ के उपयोग का खाका भी सदस्यों के सामने रखा गया।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बिलासपुर में शुक्रवार को आमसभा आयोजित की गई, इसके में बैंक से संबंधित सभी विषयों पर समीक्षा और जानकारी ली गई। इस दौरान पता चला कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 2 लाख 53 हजार 101 किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर 860.74 करोड़ का अल्पकालीन फसल ऋण दिया गया। बैंक ने खाताधारकों के लिए डिजिटल सुविधा बढ़ाते हुए 24 एटीएम शुरू किए हैं। समितियों में माइक्रो एटीएम की सुविधा भी दी गई है ।
सहकारी बैंक के अध्यक्ष रजनीश सिंह ने कहा कि वर्तमान में बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, कोरबा, गौरेला- पेंड्रा मरवाही और सक्ती क्षेत्र में बैंक की सेवाएं पहुंच रही हैं। स्थापना के बाद से बैंक का मुख्य उद्देश्य किसानों को सहकारी व्यवस्था के माध्यम से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना रहा है। उपाध्यक्ष रजनी साहू ने सदस्यों का आभार जताया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभात मिश्रा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। नोडल अधिकारी आशीष दुबे ने वार्षिक आमसभा का संचालन किया।
रिक्त पदों पर भर्ती का रास्ता साफ
आमसभा में बैंक के स्टाफिंग पैटर्न और रिक्त पदों पर नियुक्ति से संबंधित प्रस्ताव की भी पुष्टि की गई। जानकारी के अनुसार बैंक में 400 से अधिक पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है। 31 मार्च 2026 की स्थिति में रिक्त पदों को भरने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। 47.26 करोड़ के लाभ में से रिजर्व फंड, कृषि सहस्तरीकरण, भवन निधि, कंप्यूटराइजेशन, जिला सहकारी संघ, समितियों के लाभांश और कैडर फंड सहित विभिन्न मदों में राशि निर्धारित की गई है। बैंक की अंश पूंजी भी बढ़कर 129.27 करोड़ हो गई है।
डीपी विप्र विधि महाविद्यालय में मचा घमासान, जूनियर छात्र की सीनियरों ने की पिटाई
बिलासपुर। डीपी विप्र विधि महाविद्यालय में नवप्रवेशित छात्र तुषार दुबे के साथ सीनियर छात्रों द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि तुषार पर कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने का दबाव बनाया गया मना करने पर महेश साहू, अखिलेश सहित करीब दर्जनभर युवकों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि तुषार दुबे को महेश साहू, अखिलेश सहित करीब दर्जनभर सीनियर छात्रों ने घेर लिया। पहले उस पर प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने का दबाव बनाया गया। छात्र के इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई। घटना के बाद जूनियर विद्यार्थियों में भय का माहौल है। विद्यार्थियों का कहना है कि वरिष्ठ होने के नाम पर जूनियर्स पर दबाव बनाना और बात नहीं मानने पर मारपीट करना गंभीर विषय है।
प्राचार्य सुषमा तिवारी के अनुसार, कुछ पुराने छात्र चलती कक्षा में घुसकर विद्यार्थियों से इंट्रोडक्शन करने लगे थे। शिक्षक के रोकने पर वे प्रदर्शन करने लगे और छात्रों को जबरन उसमें शामिल होने को कह रहे थे। एक छात्र के मना करने पर उसके साथ मारपीट की गई। कॉलेज कमेटी ने पुराने छात्रों पर कार्रवाई और उनके प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। स्टेट बार काउंसिल को भी सूचना भेजी जाएगी।
बताया गया है कि मारपीट में कुछ ऐसे युवक भी शामिल थे, जो वर्षों पहले कॉलेज से पढ़ाई पूरी कर चुके हैं। इसको लेकर कॉलेज में बाहरी युवकों के हस्तक्षेप को लेकर सवाल उठ रहे हैं। घटना के बाद जूनियर छात्रों में भय का माहौल है।
रैगिंग की लगातार शिकायतों से बढ़ी चिंता
महाविद्यालय में जूनियर विद्यार्थियों के साथ सीनियर छात्रों के कथित दबाव, धमकी और मारपीट का मामला सामने आने के बाद रैगिंग की आशंका भी गहरा गई हैं। विद्यार्थियों का कहना है कि यदि नवप्रवेशित छात्रों को उनकी इच्छा के विरुद्ध किसी गतिविधि में शामिल होने के लिए दबाव बनाया जा रहा है और इनकार करने पर उनके साथ मारपीट की जा रही है, तो पूरे मामले की रैगिंग के एंगल से भी जांच होनी चाहिए। कॉलेज प्रबंधन को ऐसे मामलों में तत्काल हस्तक्षेप कर नवप्रवेशित विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
लिखित सूचना का इंतजार: टीआई
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने कहा कि मामला कॉलेज कैंपस का है। जब तक गवर्निंग बॉडी की ओर से लिखित सूचना नहीं मिलती, तब तक एफआईआर दर्ज नहीं की जाएगी। हालांकि कॉलेज प्रबंधन ने छात्र के आवेदन पर कार्रवाई करने कहा है। पूरी जानकारी मिलने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।
तीज पर्व पर रेलवे का बड़ा झटका 13-14 को 12 लोकल ट्रेनें रद्द
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के प्रमुख त्योहार, तीज के ठीक पहले दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल द्वारा अचानक एक दर्जन लोकल पैसेंजर ट्रेनों को रद्द किए जाने से यात्रियों में हड़कंप मच गया है। उरकुरा – रायपुर स्टोर डिपो के बीच दोहरीकरण परियोजना के तहत उरकुरा स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग और नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण 13 और 14 सितम्बर को यह लोकल ट्रेनें प्रभावित रहेंगी।
रेलवे के इस फैसले से विशेष रूप से छोटे स्टेशनों से यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों, तीज में आने-जाने और आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। तीज पर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं और परिवार अपने मायके या रिश्तेदारों के घर आते-जाते हैं। ऐसे समय में बस और अन्य परिवहन साधनों पर दबाव बढ़ जाता है, और लोकल ट्रेनें ही मध्यम एवं निम्न वर्ग के लिए सबसे सुलभ व सस्ती लाइफलाइन होती हैं।
लेकिन अचानक 10 ट्रेनों के पूर्ण रूप से रद्द होने और 2 ट्रेनों के आंशिक रद्द होने से यात्रियों का पूरा यात्रा प्लान बिगड़ गया है। बड़े स्टेशनों पर एक्सप्रेस ट्रेनों का विकल्प फिर भी उपलब्ध रहता है, लेकिन छोटे-छोटे स्टेशनों और हॉल्ट पर केवल मेमू व पैसेंजर ट्रेनें ही रुकती हैं। इन स्टेशनों के यात्रियों के पास अब आवाजाही का कोई सुलभ साधन नहीं बचा है।
रेलवे के इस अचानक लिए गए फैसले से लोगों भारी नाराजगी का माहौल है। रेलवे द्वारा त्योहार के सीजन में अचानक ट्रेनों के कैंसिल होने से यात्रियों को अब महंगे निजी साधनों या खचाखच भरी बसों का सहारा लेना पड़ेगा, जिससे आम जनता पर आर्थिक और मानसिक बोझ दोनों बढ़ना तय है। रेलवे को उसकी चिंता नहीं है।
13 एवं 14 को रद्द होने वाली ट्रेनों की सूची
रेलवे द्वारा 13 सितंबर को 68728 रायपुर- बिलासपुर मेमू पैसेंजर, 68734 बिलासपुर- गेवरा रोड मेमू पैसेंजर, 68733 गेवरा रोड- बिलासपुर मेमू पैसेंजर, 68719 बिलासपुर- रायपुर मेमू पैसेंजर, 58203 कोरबा – रायपुर पैसेंजर, 58205 रायपुर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी पैसेंजर, 68746 रायपुर-गेवरा रोड मेमू पैसेंजर के साथ 68862 झारसुगुड़ा- गोंदिया मेमू बिलासपुर में ही समाप्त कर दी. जाएगी। वहीं 68861 गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू बिलासपुर स्टेशन से शुरू होगी। यह ट्रेन गोंदिया से बिलासपुर के बीच रद्द रहेगी। इसी तरह 14 सितंबर को 58204 रायपुर – कोरबा पैसेंजर, 58206 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-रायपुर पैसेंजर और 68745 गेवरा रोड-रायपुर मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



