रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक न्यू सर्किट हाउस में आयोजित छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2:30 बजे से शाम 4 बजे तक मुख्यमंत्री निवास, नवा रायपुर में आयोजित ‘तीज त्यौहार’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 4:30 बजे मुख्यमंत्री भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे, जहां निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद रात 9:40 बजे से 10:30 बजे तक ‘कवि सम्मेलन एवं प्रखर सम्मान समारोह-2026’ में मुख्यमंत्री की मौजूदगी रहेगी। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री रात 10:40 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।

मुख्यमंत्री निवास में आज तीजा-पोला कार्यक्रम का आयोजन

रायपुर। नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आज तीजा-पोला कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस दौरान राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल होंगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से महिलाएं सम्मेलन में शामिल होने के लिए पहुंचेंगी। तीजा-पोला छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा और संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे में मुख्यमंत्री निवास में होने वाला यह आयोजन महिला सहभागिता के साथ-साथ प्रदेश की सांस्कृतिक परंपराओं को भी प्रदर्शित करेगा।

कॉलेजों में एडमिशन की तारीख बढ़ी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के शैक्षणिक संस्थानों में सत्र 2026-27 के लिए एडमिशन की तारीख बढ़ा दी गई है। उच्च शिक्षा विभाग ने छात्रहित को देखते हुए प्रवेश की आखिरी तारीख 19 सितंबर 2026 कर दी है। हालांकि, यह मौका उन्हीं संस्थानों में मिलेगा, जहां सीटें खाली हैं। उच्च शिक्षा विभाग ने 14 अगस्त 2026 को आदेश जारी कर सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश की तारीख 31 अगस्त 2026 तक बढ़ाई थी। अब विभाग ने एक और आदेश जारी कर इस अवधि को 19 सितंबर तक बढ़ा दिया है।

बिलासपुर जोन की 10 ट्रेनें कैंसिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में तीज पर्व पर मायके जाने की तैयारी कर रही महिलाओं और दूसरे यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में उरकुरा स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग का काम किया जाएगा। इसके चलते 13 और 14 सितंबर को रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, गेवरा रोड और इतवारी के बीच चलने वाली 10 ट्रेनें रद्द रहेंगी। वहीं 2 मेमू ट्रेनों का परिचालन बिलासपुर तक सीमित रहेगा। 13 सितंबर को रायपुर-बिलासपुर मेमू (68728), बिलासपुर-गेवरा रोड मेमू (68734), गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू (68733), बिलासपुर-रायपुर मेमू (68719), कोरबा-रायपुर पैसेंजर (58203), रायपुर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी पैसेंजर (58206) और रायपुर-गेवरा रोड मेमू (68746) रद्द रहेगी। 14 सितंबर को रायपुर-कोरबा पैसेंजर (58204), नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-रायपुर पैसेंजर (रेलवे की विज्ञप्ति में ट्रेन नंबर 58206 दिया गया है) और कोरबा-रायपुर मेमू (68745) रद्द रहेगी। इसके अलावा 13 सितंबर को झारसुगुड़ा और गोंदिया से चलने वाली गोंदिया-झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू (68861/68862) बिलासपुर में समाप्त और वहीं से प्रारंभ होगी।

गरियाबंद में स्वाइन फ्लू की दस्तक, कोरोना के मरीज भी मिले

गरियाबंद। जिले में स्वाइन फ्लू के दो केस और एक कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। कोरोना संक्रमित मरीज हाल ही में ट्रेनिंग के सिलसिले में बाहर गया था। वापस लौटने के बाद जांच कराई गई, जिसमें संक्रमण की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, तीनों मरीजों को घर पर क्वारेंटाइन कर इलाज किया जा रहा है। वहीं संक्रमितों के संपर्क में आए 14 लोगों के ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इन सभी की रिपोर्ट अभी आना बाकी है। मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। सीएमएचओ ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए भीड़भाड़ वाली जगहों से बचने और नियमित रूप से हाथ धोने की अपील की है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H