Bilaspur News Update : बिलासपुर. सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक व्यापारी से करीब 15 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. माताचौरा, सरकंडा निवासी फणीन्द्र तिवारी ने शिकायत दर्ज कराई कि मंगला निवासी संतोष गुप्ता ने खुद को फैक्ट्री और एजेंसी से सीधे जुड़ा बताते हुए सस्ते दाम पर किराना सामान उपलब्ध कराने का झांसा दिया. शुरुआत में आरोपी ने कम कीमत पर सामान देकर पीड़ित का विश्वास जीता, फिर अलग-अलग स्कीम और अधिक मुनाफे का लालच देकर ऑनलाइन और नकद माध्यम से करीब 15 लाख रुपये ऐंठ लिए. पीड़ित ने पहली बार 20 दिसंबर 2025 को 50 हजार रुपये दिए थे, जिसके बाद आरोपी लगातार रकम लेता रहा. 26 मार्च के बाद आरोपी का मोबाइल बंद हो गया और पत्नी की तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर वह पत्नी व साले के साथ पिकअप वाहन में सामान भरकर किराए का मकान खाली कर फरार हो गया. पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

धारदार चाकू लेकर दहशत फैला रहे 4 बदमाश गिरफ्तार

बिलासपुर. लालखदान क्षेत्र में विशेष पेट्रोलिंग के दौरान तोरवा थाना पुलिस ने धारदार चाकू लेकर घूम रहे चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों कुशल पासी, सुमीत पाल, प्रथम चौहान और शिवम चौहान को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा और उनके कब्जे से चार धारदार लोहे के चाकू बरामद किए. चारों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

narayana

चौकसे कॉलेज में चोरी का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर. तोरवा थाना पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने चौकसे कॉलेज में हुई चोरी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक कॉलेज परिसर से ट्रांसफार्मर ऑयल और कॉपर वायर की चोरी हुई थी. मामले में मतरुण मनहर, भगत केंवट और यशवंत धीरज, जो मस्तुरी थाना क्षेत्र के निवासी हैं, को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों के कब्जे से 60 हजार रुपये मूल्य का चोरी गया कॉपर वायर बरामद किया गया है. इस संबंध में 25 अप्रैल को कॉलेज प्रबंधन की शिकायत पर तोरवा थाने में मामला दर्ज किया गया था.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H