Bilaspur News Update : बिलासपुर. चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम सेंवार में घर के आंगन में छिपे करैत सांप के डसने से 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 2 बजे महिला टॉयलेट जाने के लिए घर से बाहर निकली थी, तभी करैत ने उसे डस लिया. परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. लगातार हो रही बारिश के बीच जहरीले सांपों की बढ़ती सक्रियता ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है.
खेत समतलीकरण के नाम पर 9 लाख की ठगी, 6 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. खेत समतलीकरण के नाम पर किसान से 9 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. मामला कोटा थाना क्षेत्र का है. पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी पहले से रतनपुर के बकरी चोरी मामले में गिरफ्तार थे. प्रोडक्शन वारंट पर पूछताछ के दौरान आरोपियों ने धोखाधड़ी करना स्वीकार किया. आरोपी जबलपुर (मध्य प्रदेश) और अमरोहा (उत्तर प्रदेश) के ठगी गिरोह के सदस्य निकले. पुलिस ने उनके कब्जे से ठगी की पूरी 9 लाख रुपये की राशि बरामद कर ली है और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है.
Bilaspur News Update : शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण, आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. शादी का झूठा वादा कर युवती का दैहिक शोषण करने के आरोप में तोरवा पुलिस ने गौरेला निवासी सागर राठौर को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी और पीड़िता की पहचान बिलासपुर के एक पेट्रोल पंप पर काम करने के दौरान हुई थी. आरोपी ने विवाह का झांसा देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया. इसके बाद पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई. प्रारंभ में गौरेला थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई, जिसे बाद में तोरवा थाना स्थानांतरित किया गया. पुलिस आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 69 के तहत कार्रवाई कर रही है.

शेयर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा, व्यापारी परिवार से 20 लाख की ठगी
बिलासपुर. शेयर ट्रेडिंग में कम समय में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक व्यापारी परिवार से 20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, आरोपी शशिकांत सिंह ने शुरुआत में छोटी रकम पर मुनाफा लौटाकर पीड़ितों का विश्वास जीता. इसके बाद वर्ष 2023-24 के दौरान दयालबंद निवासी अर्जुन भोजवानी और उनके साथी प्रतीक कौशिक से नकद और फोनपे के माध्यम से 20 लाख रुपये तथा एक अन्य युवक से 15 लाख रुपये ले लिए. रकम वापस मांगने पर आरोपी ने 9 लाख रुपये का चेक दिया, जो बैंक में बाउंस हो गया. बाद में आरोपी ने संपर्क भी तोड़ दिया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

