Bilaspur News Update : बिलासपुर। हाईवे पर ट्रक ड्राइवर से मारपीट कर लूटपाट करने वाले गिरोह को पकड़ने में पुलिस को 11 माह बाद सफलता मिली हैं। मामला सकरी थाना क्षेत्र का है। एक मार्च 2025 को पेण्ड्रीडीह चौक राज ढाबा के पास ट्रक चालक से मारपीट कर लूटपाट करने की शिकायत पर प्रार्थी के रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। प्रकरण सदर में थाना कोनी के अपराध क्रमांक 17/2026 धारा 103(1),309(4),309(6), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के विवेचना के दौरान थाना हिर्री के उक्त अपराध के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त होने पर आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर जेएमएफसी न्यायालय बिल्हा में पेश कर पुलिस रिमाण्ड लिया गया। विवेचना दौरान मेमोरण्डम, जप्ती कार्यवाही किया गया बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर बुधवार को जेल भेजा गया।

गिरफ्तार सभी आरोपी बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं –
- जय दिवाकर उर्फ छोटू, पिता बबला दिवाकर, उम्र 20 वर्ष, निवासी बजरंग नगर आवासपारा, सिरगिट्टी थाना।
- सूरज साहू उर्फ दादू साहू, पिता सुरेश साहू, उम्र 20 वर्ष, निवासी बहरामुड़ा तिफरा, राम मंदिर के पास, सिरगिट्टी थाना, जिला बिलासपुर।
- प्रदीप धुरी उर्फ संजू बाबा, पिता परसराम धुरी, उम्र 19 वर्ष, निवासी काली मंदिर के सामने, नया मन्नाडोल, तिफरा, सिरगिट्टी थाना, जिला बिलासपुर।
मुख्यमंत्री साय, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने चीफ जस्टिस की मां को दी श्रद्धांजलि
बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा की पूज्य माता स्वर्गीय कुसुम सिन्हा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनका 15 फरवरी को निधन हो गया था। मुख्यमंत्री ने बिलासपुर के बोदरी स्थित मुख्य न्यायाधीश निवास में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पहुंचकर स्व. कुसुम सिन्हा के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित किए और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने शोक संतप्त परिवारजनों से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया और कहा कि माता जी का स्नेह, संस्कार और त्याग जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। कुसुम सिन्हा का सरल, स्नेहमयी और अनुपम स्वभाव सदैव स्मरणीय रहेगा। इस अवसर पर केंद्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री एवं सांसद तोखन साहू, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, विधायक सुशांत शुक्ला ने भी श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संवेदना व्यक्त की। कार्यक्रम में उच्च न्यायालय और अधीनस्थ न्यायालयों के न्यायाधीगण, अधिवक्तागण, महाधिवक्ता कार्यालय के अधिकारी, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव, पुलिस महानिदेशक,संभागायुक्त, आईजी, कलेक्टर सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
GGU ने दो कर्मचारी भाइयों को थमाया नोटिस
बिलासपुर। गुरु घासीदास विश्वविद्यालय प्रशासन ने दुव्यवहार, अनुशासनहीनता, असंतोषजनक प्रदर्शन और आवासीय नियमों के उल्लंघन के लिए राज ब्रदर नामक कर्मचारी को तथा उसके भाई जितेन्द्र कुमार को सरकारी आवास पर अनाधिकृत कब्जा करके एचआरए का लाभ उठाकर वित्तीय गबन के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया है। गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी द्वारा कामर्स डिपार्टमेंट में पदस्थ कर्मचारी राज ब्रदर को जारी नोटिस में कहा गया है कि सुरक्षा अनुभाग के रिपोर्ट अनुसार 17 फरवरी को आवासीय परिसर टाइप-4 मकान संख्या डी-8 में आपके साथ एक घटना घटी, जिसके कारण सार्वजनिक अशांति हुई और सुरक्षाकर्मियों और पुलिस अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। यूनिवर्सिटी ने नोटिस का जवाब मांगते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
फर्जी दस्तावेज तैयार कर हड़पी मुआवजा राशि, अपराध दर्ज
तखतपुर। फर्जी दस्तावेज तैयार कर अवैध रूप से मुआवजा राशि हड़पने वाले चनाडोंगरी निवासी मृतक की पत्नि के खिलाफ तहसीलदार तखतपुर शशांक शेखर शुक्ला ने तखतपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में ले लिया। जानकारी के अनुसार तखतपुर तहसीलदार शशांक शेखर शुक्ला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने बताया है कि, चनाडोंगरी निवासी उवंशों श्रीवास पति स्व पुरूषोत्तम श्रीवास ने अपने साथियों के साथ मिलकर कूट रचित फर्जी दस्तावेज तैयार किया और पति स्व पुरूषोत्तम श्रीवास की जहरीले सांप के काटने से मृत्यु होना बताकर शासन से चार लाख रूपए को मुआवजा राशि प्राप्त कर ली। इस तरह आरोपिता ने फर्जीवाड़ा किया, जबकि उसके पति की मौत सांप के काटने से नहीं हुई। इस संबंध में जांच कराने पर शिकायत सही पाई गई, तब तहसीलदार ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने तहसीलदार की रिपोर्ट पर आरोपी उर्वशी श्रीवास के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471, 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में ले लिया।
रायगढ़ पुलिस ने 16 गौवंश को तस्करों से किया मुक्त
रायगढ़। ऑपरेशन शंखनाद के तहत रायगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ओडिशा के बूचड़खाने ले जाए जा रहे 16 गौ वंश को तस्करों के कब्जे से मुक्त किया हैं। कार्रवाई के तहत मवेशी तस्कर देवानंद यादव को गिरफ्तार किया गया है वही रब्बुल खान फरार चल रहा हैं। फरार तस्कर की तलाश जारी है। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है। लैलूंगा पुलिस को 17 फरवरी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि आमापाली से झगरपुर मार्ग होते हुए मवेशियों को ओडिशा के बूचड़खाने ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने ग्राम झगरपुर के पास घेरेबंदी कर मेन रोड पर मवेशी ले जा रहे एक युवक को पकड़ा।
पूछताछ में उसने अपना नाम देवानंद यादव पिता मनधरो यादव उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम आमापाली थाना लैलूंगा बताया। उसके कब्जे से 16 नग कृषक गौ वंश बरामद किये गये हैं। पूछताछ में उसने बताया कि वह रब्बुल खान नाम के मवेशी तस्कर के साथ मिलकर ओडिशा के बूचड़खाने गौ वंश को ले जा रहा था। आरोपियों के विरुद्ध लैलूंगा थाना में छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत जिले में एक भी गौवंश की तस्करी नहीं होने दी जाएगी।
अनाचार के मामले में आरोपी को मिली 10 साल की सजा
कोरबा। एक अनाचार के मामले में आरोपी के खिलाफ दोष सिद्ध होने पर न्यायालय ने उसे दस वर्ष सश्रम कारावास व एक हजार रुपार को अर्थदंड से दंडित किया है। अपर सत्र न्यायाधीश फ्रास्ट ट्रैक कोर्ट सीमा प्रताप चन्द्रा द्वारा अभियुक्त सूरज चौहान उर्फ दादू को बलात्संग का दोषी करार देते हुए 10 साल सश्रम कारावास और एक हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है। अतिरिक्त लोक अभियोजक मोहन सोनी ने बत्ताया कि आरोपी ने झाड़ फूंक का बहाना बनाकर पीड़तिा को उसके सास के घर में स्थित कमरे में ले जाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध उसके कपड़े निकालकर, जबरदस्ती बलात्कार किया। जिस पर पीड़ति ने चौकी रजगामार में शिकायत दर्ज करवाई। जिस पर पुलिस ने विवेचना उपरांत अभियोग पत्र सोमा चंद्रा, अपर सत्र न्यायाधीश, फास्ट ट्रैक कोर्ट में पेश किया। जहां अभियोजन की ओर से लोक अभियोजक मोहन सोनी ने ठोस दलीले पेश की जिस पर न्यायालय ने आरोपी को दोषी करार देकर 10 वर्ष की सजा और एक हजार रुपए के अर्थदण्ड से दंडित किया।
एक्सप्रेस गाड़ी के पहिए से उठा धुंआ, यात्रियों में दहशत
कोरबा। कोरबा से बिलासपुर की ओर आ रही छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन के पहिये से उरगा स्टेशन के पास धुआं उठने लगा। बुधवार सुबह 11.45 मिनट में जब ट्रेन उरगा स्टेशन पहुंची तो एक स्लीपर कोच के पहिए के नीचे से तेजी से धुआं निकलने लगा। जिसके बाद दहशत में आए पूरे कोच के यात्री नीचे उतर गए। रेलवे स्टाफ पहुंचा तो पता चला कि ब्रेक जाम होने की वजह से पहियों में अत्यधिक घर्षण हुआ और धुआं उठने लगा। रेलवे स्टाफ ने आधे घंटे तक तकनीकी जांच की। तब तक के ट्रेन स्टेशन में ही खड़ी रही। सब कुछ ठीक रहने पर ट्रेन आगे रवाना हो सकी।
होली पर मिलेगी तीन स्पेशल ट्रेन की सुविधा
बिलासपुर। होली पर्व पर नियमित ट्रेनों की भीड़ कम करने के लिए रेलवे ने तीन स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इसकी घोषणा भी कर दी गई है। पटना व चर्लपल्ली के मध्य सात फेरे के लिए चलने वाली ट्रेन प्रत्येक सोमवार एवं बुधवार को पटना से 03253 नंबर 09 से 30 मार्च व प्रत्येक बुधवार को चर्लपल्ली से 03254 नंबर 11 मार्च से एक अप्रैल तक चार फेले के लिए चलेगी। वहीं प्रत्येक शुक्रवार को चर्लपल्ली से 03255 नंबर के साथ 13 से 27 मार्च तक तीन फेरे के लिए चलेगी। इसी तरह तिरुपति व रक्सौल के मध्य तीन फेरे होली स्पेशल ट्रेन की सुविधा मिलेगी। यह ट्रेन तिरुपति से 07051 नंबर के साथ 21, 28 फरवरी एवं सात मार्च को छूटेगी। वहीं रक्सौल से 07052 नंबर के साथ 24 फरवरी, तीन एवं 10 मार्च को चलेगी। तीसरी होली स्पेशल ट्रेन चर्लपल्ली-रक्सौल के मध्य चलेगी। चर्लपल्ली से 07005 नंबर के साथ 23, 28 फरवरी एवं एक मार्च को और रक्सौल से 07006 नंबर के साथ 26 फरवरी एवं तीन, व चार मार्च को छूटेगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


