पूर्णिया। जिले के रूपौली विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री बीमा भारती के बेटे राजा मंडल एक बार फिर गंभीर विवादों में घिर गए हैं। उन पर शराब पीने के विरोध को लेकर एक नाबालिग के अपहरण का प्रयास करने, उसके पिता को फोन पर गालियां देने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज आरोप लगा है। पीड़ित परिवार ने इस मामले में भवानीपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस से अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है।
शराब पीने के विरोध से शुरू हुआ पूरा विवाद
यह पूरा मामला भवानीपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या-9 स्थित भवनदेवी टोला का है। पीड़ित मो. बबलू ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 19 अक्टूबर की शाम वह अपने नवनिर्मित मकान में मौजूद थे। इसी दौरान ‘पूर्व विधायक’ लिखे बोर्ड वाली एक सफेद फॉर्च्यूनर गाड़ी से राजा मंडल अपने तीन-चार साथियों के साथ वहां पहुंचे। जब कमरे में बैठकर शराब पीने का विरोध किया गया, तो आरोपियों और पीड़ित के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद आरोपी धमकी देते हुए वहां से निकल गए।
शिकायत के अनुसार, उसी रात करीब नौ बजे आरोपी दोबारा लौटे और कमरे में सो रहे मो. बबलू के 15 वर्षीय बेटे मो. महताब आलम को जबरन गाड़ी में खींचने की कोशिश करने लगे। गनीमत यह रही कि उसी समय सूचना मिलने पर ‘डायल 112’ की पुलिस गश्ती गाड़ी मौके पर पहुंच गई, जिससे आरोपी घबराकर वहां से भाग निकले। इसके बाद रात करीब 10 बजे पीड़ित के मोबाइल पर फोन कर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया और पूरे परिवार को जान से खत्म करने की धमकी दी गई। फोन करने वाले ने यह दावा भी किया कि पुलिस उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती।
वायरल ऑडियो और पुलिसिया कार्रवाई
घटना के बाद से एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर धमकियां दी जा रही हैं। हालांकि, पीड़ित पक्ष ने पुलिस को कॉल रिकॉर्डिंग सौंप दी है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है कि ऑडियो में आवाज राजा मंडल की ही है या नहीं। धमदाहा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत प्रताप सिंह चौहान और भवानीपुर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि पुलिस आवेदन के आधार पर तकनीकी और तथ्यात्मक गहन जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के अनुसार आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुराना आपराधिक इतिहास और राजनीतिक पृष्ठभूमि
गौरतलब है कि राजा मंडल का नाम पहले भी सुर्खियों में रहा है। भवानीपुर के चर्चित गोपाल यादुका हत्याकांड में राजा मंडल का नाम आया था, जिसमें उन पर 5 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या कराने का आरोप लगा था। इस मामले में बीमा भारती के बेटे राजा और उनके पति अवधेश मंडल आत्मसमर्पण कर जेल भी जा चुके हैं। राजनीतिक पृष्ठभूमि की बात करें तो 2024 के लोकसभा चुनाव में जब बीमा भारती पूर्णिया से राजद की उम्मीदवार थीं, तब तेजस्वी यादव की चुनावी सभा में राजा मंडल ने अपनी मां के साथ मंच साझा किया था।

