भिवानी: BJP Attack on Kejriwal in Bhiwani : हरियाणा भाजपा ने आम आदमी पार्टी (AAP) और उसके राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। पार्टी ने आरोप लगाया कि अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए AAP अब हरियाणा में भी बेबुनियाद आरोपों की राजनीति कर रही है।

भाजपा की ओर से जारी बयान में कहा गया कि छोटी काशी और मिनी क्यूबा के नाम से प्रसिद्ध भिवानी खेल प्रतिभाओं की धरती रही है, जिसने देश को कई गौरवशाली सपूत दिए हैं।

लेकिन अब इसी धरती पर ऐसे लोगों की राजनीति देखने को मिल रही है, जो दूसरों पर आरोप लगाकर अपनी विफलताओं को छिपाने का प्रयास कर रहे हैं।

भाजपा ने पंजाब की AAP सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वहां युवाओं, किसानों और महिलाओं पर लाठीचार्ज की घटनाएं हुई हैं। पार्टी ने दावा किया कि पंजाब में भी AAP का वही राजनीतिक हाल होने वाला है, जो दिल्ली में हुआ।

बयान में कहा गया कि जनता केवल आरोपों के आधार पर नहीं, बल्कि सरकार के कामकाज और प्रदर्शन के आधार पर वोट देती है। भाजपा ने AAP से आरोपों की राजनीति छोड़कर जमीनी स्तर पर काम करने की नसीहत दी।

हरियाणा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए भाजपा ने कहा कि प्रदेश में खर्ची-पर्ची की व्यवस्था पूरी तरह समाप्त कर मेरिट आधारित भर्ती प्रणाली लागू की गई है। इसी पारदर्शी व्यवस्था के तहत बिना खर्ची और बिना पर्ची के 1 लाख 80 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जिसकी पूरे देश में सराहना हो रही है।

भाजपा ने अपने बयान के अंत में कहा कि अरविंद केजरीवाल पहले अपनी सरकार की नाकामियों का जवाब दें और दूसरों पर आरोप लगाने से पहले आत्ममंथन करें। पार्टी ने दावा किया कि AAP का “हर दिन का नया ड्रामा” अब उसी पर भारी पड़ने वाला है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m