कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा ने आज बुधवार (8, जुलाई) को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और जदयू कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद रहे।
नीतीश कुमार ने इस मौके पर बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा को आशीर्वाद देते हुए आगामी उपचुनाव में प्रचंड विजय के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने अग्रिम जीत की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की भी कामना की।
संजय सरावगी ने भी दी अग्रिम जीत की बधाई
इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने अभिषेक कुमार सिन्हा से आगामी उपचुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक समन्वय तथा जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की। इसके साथ ही, उन्होंने अभिषेक सिन्हा को अग्रिम जीत की हार्दिक शुभकामनाएं एवं सफल जनसंपर्क अभियान के लिए मंगलकामनाएं प्रेषित की। संजय सरावगी ने कहा कि, मुझे पूर्ण विश्वास है कि संगठन की शक्ति तथा जनता के स्नेह और समर्थन के बल पर एनडीए बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रचंड विजय प्राप्त करेगा।
अभिषेक कायस्थ समुदाय से आते हैं और पार्टी में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। भाजपा आलाकमान का उन्हें मैदान में उतारना एक सोची-समझी रणनीति मानी जा रही है, ताकि इस सीट पर पार्टी की पकड़ मजबूत बनी रहे। गौरतलब है कि बांकीपुर सीट कायस्थ बहुल क्षेत्र है और साल 1995 के बाद से लगातार इस सीट पर बीजेपी ने अपनी पकड़ मजबूत बनाए हुए है।
बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए राजद ने रेखा कुमारी गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, जनसुराज ने प्रशांत किशोर को यहां से मैदान में उतारकर चुनाव को त्रिकोणीय और दिलचस्प बना दिया है, जबकि लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपनी पार्टी जजद से वीणा मानवी को चुनावी मैदान में उतारा है। फिलहाल सभी प्रत्याशी प्रचार-प्रसार में जुटे हुए हैं और अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।
बांकीपुर उपचुनाव कार्यक्रम
- नामांकन प्रक्रिया- 6 जुलाई से शुरू होकर 13 जुलाई तक।
- नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 16 जुलाई।
- 30 जुलाई को होगा मतदान।
- 3 अगस्त को आएगा चुनाव का परिणाम।
ये भी पढ़ें- प्रशांत किशोर के समर्थन में बिहार आएंगे तमिलनाडु के CM विजय थलपति! चुनावी प्रचार को मिलेगी नई धार

