Bankipur by-election: 30 जुलाई को होने वाले बांकीपुर उपचुनाव के लिए सियासी सरगर्मी अब तेज हो चुकी है। सभी प्रमुख दलों ने अपने-अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं, जो दिन-रात प्रचार प्रसार में लगे हुए हैं। जनसुराज ने बांकीपुर से प्रशांत किशोर को चुनाव लड़ाकर इसे त्रिकोणीय और दिलचस्प मुकाबला बना दिया है। इस बीच सियासी गलियारों से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आई है, दरअसल तमिलनाडु के सीएम और मशहूर अभिनेता विजय थलपति जल्द ही प्रशांत किशोर के समर्थन में चुनाव प्रचार करने के लिए बिहार आ सकते हैं।

तमिलनाडु चुनाव में पीके ने की थी मदद

सूत्रों के मुताबिक तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में चुनावी रणनीति तैयार करने के लिए प्रशांत किशोर ने विजय थलपति की काफी मदद की थी, जिसका नतीजा यह रहा है कि विजय थलपति की पार्टी विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और वे राज्य के सीएम बने। ऐसे में कहा जा रहा है कि अब जब प्रशांत किशोर बांकीपुर से उपचुनाव लड़ रहे हैं, तो वह उनके समर्थन में प्रचार करने के लिए बिहार आ सकते हैं। यदि ऐसा होता है, तो यह मुकाबला और कड़ा हो सकता है। हालांकि अभी तक जन सुराज या फिर विजय थलपति की तरफ इस संबंध में कोई अधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

शत्रुघ्न सिन्हा ने किया है पीके का समर्थन

टीएमसी सांसद और ‘बिहारी बाबू’ के नाम से प्रसिद्ध अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने भी प्रशांत किशोर का खुले तौर पर समर्थन किया है। शत्रुघ्न सिन्हा ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, बिहार की राजनीति में बड़ा धमाका….सबसे योग्य, दूरदर्शी, विलक्षण बुद्धिजीवी, जन-जन के नेता और हर दृष्टि से सबसे अधिक लोकप्रिय, प्रशंसित एवं चर्चित व्यक्तित्व प्रशांत किशोर ने आखिरकार चुनावी मैदान में उतरकर बिहार की राजनीति ही नहीं, बल्कि पूरे देश के राजनीतिक गलियारों और आम जनता के बीच एक नई हलचल पैदा कर दी है।

शत्रुघ्न सिन्हा ने आगे कहा कि, एक ‘बिहारी बाबू’ होने के नाते मुझे यह राजनीतिक घटनाक्रम बेहद रोचक और निश्चित रूप से विस्फोटक प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि, आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। सबकी एकता। आशा, इच्छा और प्रार्थना है कि आम जनता, विशेषकर युवा पीढ़ी, जाति, धर्म और दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर उनका समर्थन करे। बता दें कि शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा ने साल 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर बांकीपुर सीट से चुनाव लड़ा था। हालांकि, उन्हें बीजेपी के नितिन नबीन के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

सभी प्रमुख दलों ने उतारे उम्मीदवार

बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए राजद ने रेखा कुमारी गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, भाजपा ने कल भारतीय जनता युवा मोर्चा से जुड़े अभिषेक कुमार को अपना प्रत्याशी घोषित किया। जबकि लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप ने अपनी पार्टी जजद से वीणा मानवी को चुनावी मैदान में उतारा है। फिलहाल सभी प्रत्याशी प्रचार-प्रसार में जुटे हुए हैं। ऐसे में अब यह देखने वाली बात होगी की क्या विजय थलपति प्रशांत किशोर का चुनाव प्रचार करने के लिए बिहार आते हैं या नहीं?

ये भी पढ़ें- लालू से इतनी नफरत किसे? कचरे के ढेर में मिली राजद सुप्रीमो से जुड़ी कई किताबें, रोहिणी ने उठाए सवाल