Lalu Yadav: राजद सुप्रीमो लालू यादव के जीवन से जुड़ी हुई कई किताबें और उनकी जीवनी एवं स्मारिकाएं पटना के समीप संपतचक इलाके में कूड़े के ढेर में फेंकी हुई मिली हैं, जिसके लेकर यह सवाल उठने लगा है कि आखिर किसने और क्यों लालू यादव से जुड़ी इन किताबों को इस तरह कचरे के ढेर में फेंक दिया? उदेनी के पास एच-524 के पास कचरे में जिन किताबों को फेंका गया है, उनमें लालू लीला, गोपालगंज से रायसीना समेत लालू यादव की कई पुस्तकें शामिल हैं।

किसके दिल में लालू के लिए इतनी नफरत?

इस मामले को लेकर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कई सारे गंभीर सवाल उठाया है। रोहिणी ने लिखा कि, लालू जी की जीवनी, उनके जीवन से जुड़ी कई किताबें एवं स्मारिकाएं पटना के समीप संपतचक इलाके के उदेनी H524 के समीप कचरे के ढेर में किसने फिंकवाई? कौन मिटाना चाहता है लालू जी से जुड़ी अमूल्य धरोहरों को? किसके दिल में लालू जी के लिए इतने नफरत है? कहीं ऐसा तो नहीं कि कोई अपना कहे जाने वाला ही विरोधियों के इशारे पर ऐसा कर रहा है ।

रोहिणी आचार्य ने उठाए सवाल

रोहिणी आचार्य ने आगे लिखा कि, यह केवल कुछ किताबों, दस्तावेजों, लालू जी से जुड़ी चीजों का अपमान नहीं, बल्कि एक महान व्यक्ति, उनसे जुड़ी बेमिसाल राजनीतिक विरासत और राजनीतिक इतिहास से जुड़े दस्तावेजों के साथ किए गए दुर्व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

लालू के गौरव गाथा को मिटाने की साजिश- रोहिणी

रोहिणी ने सवाल उठाते हुए पूछा कि, आखिर कौन है, जो लालू जी से जुड़ी स्मृतियों, विचारों और विरासत को हाशिए पर धकेलना चाहता है? यह महज लापरवाही तो कतई नहीं है, बल्कि लालू जी की गौरव गाथा को मिटाने-मलिन करने की साजिश है। उन्होंने कहा कि, इन सवालों का स्पष्ट और पारदर्शी जवाब मिलना जरूरी है। इस मामले की तहकीकात जरूरी ताकि सच सामने आए और भविष्य में कोई और ऐसी हिमाकत करने का दुःसाहस ना करे।

ये भी पढ़ें- मोतिहारी में ठग गिरोह का भंडाफोड़: करोड़ों के फेक नोट के साथ 4 गिरफ्तार, हथियार और सोना भी बरामद