सोहराब आलम, मोतिहारी। जिला पुलिस ने कल्याणपुर थाना क्षेत्र के भोपतपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित जाली नोट और ठगी गिरोह के खिलाफ बीती रात छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस ने सुलेमान अंसारी और इम्तियाज के ठिकानों पर रेड कर चार लोगों को हिरासत में लिया है। कार्रवाई के दौरान करीब एक करोड़ रुपये के कथित फेक नोट, 13 लाख रुपये नकद, 38 सोने के बिस्किट (फाइन व रोल गोल्ड), हथियार, गोलियां और एक वाहन बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
5 हजार के बदले देते थे 15 हजार का झांसा
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह लोगों को 5 हजार रुपये के बदले 15 हजार रुपये देने का झांसा देता था। शुरुआत में असली नोट देकर भरोसा जीतता, फिर ऊपर असली और नीचे “चिल्ड्रन्स बैंक” के नकली नोट रखकर ठगी करता था। बड़ी रकम के मामलों में पुलिस की वर्दी पहनकर रुपये छीन लेने की भी बात सामने आई है।
पांच थानों की पुलिस ने मिलकर की छापेमारी
एसडीपीओ सदर-1 और सदर-2 के नेतृत्व में दो प्रशिक्षु डीएसपी व पांच थानों की पुलिस ने मिलकर इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने बताया कि फिलहाल छापेमारी जारी है और विस्तृत जानकारी प्रेस वार्ता में दी जाएगी। आपको बता दें कि यह कोई पहला मौका नहीं है, जब पुलिस ने इतने बड़े पैमाने पर नकली नोटों को बरामद किया है, इससे पहले भी कई मौकों पर फेक करेंसी नेटवर्क का भंड़ाफोड़ और कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
ये भी पढ़ें- सुपौल में SC/ST थाने में संगीन मामला दर्ज, फिर भी पुलिस की गिरफ्त से दूर आरोपी

