धनेश, रेवाड़ी। रेवाड़ी में बुधवार को बड़ा डाकघर बाजार और पंजाबी मार्केट क्षेत्र में भाजपा की ओर से डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर परिषद चेयरपर्सन पद की भाजपा प्रत्याशी विनीता पीपल और भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की।
अभियान के दौरान नेताओं ने लोगों से आगामी चुनाव में कमल के फूल के निशान पर मतदान करने की अपील की। बाजारों में पहुंचने पर भाजपा नेताओं का ढोल-नगाड़ों, फूल मालाओं और पुष्प वर्षा के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
सफाई व्यवस्था, पार्किंग, सड़क सुधार और सुरक्षा को प्राथमिकता
पोस्ट ऑफिस मार्केट एसोसिएशन के प्रधान सुधीर यादव ने अपनी टीम के साथ भाजपा प्रत्याशी को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। कई व्यापारियों ने भी भाजपा के समर्थन का भरोसा जताया।भाजपा प्रत्याशी विनीता पीपल ने कहा कि उनका लक्ष्य रेवाड़ी शहर का समग्र विकास करना है। उन्होंने बाजारों में सफाई व्यवस्था, पार्किंग, सड़क सुधार और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय और राज्य नेतृत्व के सहयोग से शहर को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।

लोगों का बढ़ता समर्थन भाजपा की मजबूती को दर्शाता है
भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने कहा कि पार्टी की नीतियां विकास और पारदर्शिता पर आधारित हैं और जनता को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि लोगों का बढ़ता समर्थन भाजपा की मजबूती को दर्शाता है।
अंत में दोनों नेताओं ने जनता से अपील की कि वे भाजपा को समर्थन देकर शहर के विकास कार्यों को और गति देने में सहयोग करें।

