चंडीगढ़। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल को किसानों से हकमारी का हथियार बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में खाद खरीदने से लेकर मंडियों में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर फसल बेचने तक के लिए इस पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है, लेकिन सरकार ने 31 जुलाई से ही पोर्टल बंद कर दिया।

सुरजेवाला ने दावा किया कि प्रदेश में अभी करीब 14.50 लाख एकड़ खरीफ फसल का पंजीकरण होना बाकी है। इसके बावजूद पोर्टल बंद कर दिए जाने से बड़ी संख्या में किसान फसल पंजीकरण से वंचित रह गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब बिना पंजीकरण किसानों को सरकारी योजनाओं और मंडियों में बिक्री का लाभ नहीं मिलेगा तो सरकार ने पोर्टल इतनी जल्दी बंद क्यों कर दिया।

उन्होंने कहा कि फसल पंजीकरण कराने की उम्मीद लेकर कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पहुंच रहे किसानों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। सरकार की जिम्मेदारी किसानों को आसान और समयबद्ध पंजीकरण सुविधा उपलब्ध कराना है, लेकिन इसके विपरीत उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि इस वर्ष कमजोर मानसून के कारण पिछले साल की तुलना में खरीफ की बुवाई पहले ही करीब 30 प्रतिशत कम हुई है। ऐसे समय में पोर्टल बंद करना किसानों के हितों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।

सुरजेवाला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मांग की कि ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल को तत्काल दोबारा खोला जाए और फसल पंजीकरण की अंतिम तिथि पिछले वर्ष की तरह 15 सितंबर तक बढ़ाई जाए, ताकि कोई भी किसान पंजीकरण से वंचित न रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m