कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रदेश के रोडवेज बस अड्डों पर यात्रियों को बेहतर, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खान-पान उपलब्ध कराने के लिए सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। उन्होंने बताया कि रेलवे की तर्ज पर हरियाणा रोडवेज का अपना स्वतंत्र कैटरिंग कॉर्पोरेशन बनाने की दिशा में विभाग तेजी से काम कर रहा है।
परिवहन मंत्री ने कहा कि प्रस्तावित कैटरिंग कॉर्पोरेशन का मुख्य उद्देश्य बस अड्डों पर मिलने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना, मिलावट पर रोक लगाना और यात्रियों से ओवरचार्जिंग की शिकायतों को समाप्त करना है। इसके साथ ही यात्रियों को उचित दाम पर ब्रांडेड, हाइजीनिक और बेहतर गुणवत्ता वाला भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
अनिल विज ने कहा कि सरकार यात्रियों की सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है। बस अड्डों पर खान-पान की व्यवस्था को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए एक मजबूत व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे यात्रियों को सुरक्षित और भरोसेमंद खाद्य सामग्री मिल सके।
उन्होंने कहा कि कैटरिंग व्यवस्था में गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। सरकार का प्रयास है कि हरियाणा रोडवेज के बस अड्डों पर यात्रियों को रेलवे जैसी बेहतर और आधुनिक खान-पान सुविधाएं उपलब्ध हों।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


