कुंदन कुमार/पटना। बिहार की राजनीति में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर घमासान छिड़ गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के परिवार को दी जा रही सुरक्षा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक राजनीतिक परिवार सत्ता को अपनी जागीर समझकर सुरक्षा के नाम पर संसाधनों का दुरुपयोग कर रहा है।
सुरक्षा के नाम पर सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग
भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि लालू परिवार की सुरक्षा में बिहार सरकार के करीब 150 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस सुरक्षा घेरे में अत्याधुनिक बुलेटप्रूफ गाड़ियां और बड़ी संख्या में हाउस गार्ड शामिल हैं। कृष्ण के अनुसार, यह सरकारी खजाने और पुलिस बल का घोर दुरुपयोग है, जबकि राज्य की कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस की आवश्यकता कहीं और अधिक है।
सत्ता को बपौती समझने का आरोप
कुंतल कृष्ण ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि जो परिवार दशकों तक सत्ता में रहा वह आज भी खुद को वीआईपी संस्कृति से बाहर नहीं निकाल पाया है। उन्होंने कहा कि सत्ता को अपनी बपौती समझने वाला यह परिवार सुरक्षा के मुद्दे को केवल राजनीति चमकाने के लिए इस्तेमाल कर रहा है। भाजपा का स्पष्ट आरोप है कि आम जनता को मूलभूत सुरक्षा देने वाली पुलिस लालू परिवार की सेवा में लगी हुई है।
इस बयान के बाद बिहार के सियासी गलियारों में यह बहस फिर तेज हो गई है कि क्या पूर्व नेताओं को इतनी बड़ी सुरक्षा व्यवस्था की वास्तव में आवश्यकता है या यह मात्र राजनीतिक रसूख का प्रदर्शन है।

