कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर में भाजपा नेता गुरुमुख करोसिया का करीब 4 मिनट 20 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक और पुलिस महकमे में हलचल है। वीडियो में करोसिया दो महिलाओं का नाम लेते हुए उन पर गंभीर आरोप लगाते नजर आ रहे हैं। हालांकि, करोसिया ने वीडियो को पुराना बताते हुए इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है।
वायरल वीडियो में भाजपा नेता गुरुमुख करोसिया एक महिला पर प्यार के नाम पर फंसाकर लाखों-करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप लगाते दिख रहे हैं। उनका दावा है कि उन्होंने महिला की नौकरी लगवाने में भी मदद की थी, लेकिन बाद में वह दूसरी महिला के संपर्क में आकर गलत रास्ते पर चली गई। वीडियो के आखिरी में करोसिया यह कहते हुए भी नजर आ रहे हैं कि अगर उनकी मौत होती है तो इसके लिए दोनों महिलाएं जिम्मेदार होंगी। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया और पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी।
वहीं विवाद बढ़ने के बाद करोसिया ने मीडिया के सामने आकर वायरल वीडियो को लेकर सफाई दी। उन्होंने कहा कि वीडियो पुराना है और इसे अब जानबूझकर वायरल किया गया है। करोसिया के मुताबिक, उनका मोबाइल नगर निगम कार्यालय में छूट गया था। उनका आरोप है कि इसी दौरान विरोधियों ने मोबाइल से वीडियो निकालकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। उन्होंने कहा कि वीडियो में जिन दो महिलाओं का जिक्र है, उनका ग्वालियर से कोई संबंध नहीं है।
भाजपा नेता गुरमुख करोसिया ने आरोप लगाया कि उनकी बढ़ती राजनीतिक पकड़ से घबराकर विरोधियों ने उनकी छवि खराब करने के लिए यह साजिश रची है। उन्होंने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और करोसिया की शिकायत की जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


