फतेहाबाद। हरियाणा के फतेहाबाद में शनिवार शाम भाजपा नेता मनीष सिंगला की फॉर्च्यूनर कार हादसे का शिकार हो गई। वह हिसार से सिरसा लौट रहे थे। गिल्लाखेड़ा गांव के पास अचानक डिवाइडर पार कर एक बछड़ा कार के सामने आ गया। इससे ड्राइवर का कार पर नियंत्रण बिगड़ गया और फॉर्च्यूनर बछड़े से टकरा गई। एयरबैग खुलने से कार में सवार मनीष सिंगला समेत सभी लोग सुरक्षित रहे।

हादसे में फॉर्च्यूनर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। मनीष सिंगला के साथ कार में ड्राइवर, PSO और PA भी मौजूद थे। हादसे के बाद सभी सुरक्षित रहे। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। इसके बाद मनीष सिंगला दूसरी गाड़ी से सिरसा के लिए रवाना हो गए।
ममेरे भाई का हाल जानने हिसार गए थे
जानकारी के मुताबिक, मनीष सिंगला शनिवार को अपने ममेरे भाई का हाल जानने हिसार गए थे। उनके भाई का हाल ही में ऑपरेशन हुआ है। उनसे मिलने के बाद वह शाम को फतेहाबाद होते हुए सिरसा लौट रहे थे।
फतेहाबाद पार करने के बाद गिल्लाखेड़ा गांव के पास अचानक एक बछड़ा डिवाइडर पार कर सड़क पर आ गया। वह सीधे फॉर्च्यूनर के सामने पहुंच गया। ड्राइवर ने कार को संभालने की कोशिश की, लेकिन टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद सभी एयरबैग खुले
बछड़े से टक्कर होते ही फॉर्च्यूनर के सभी एयरबैग खुल गए। इससे कार में बैठे लोगों को गंभीर चोट नहीं आई। टक्कर के कारण गाड़ी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मनीष सिंगला दूसरी गाड़ी से सिरसा के लिए रवाना हो गए।
कौन हैं मनीष सिंगला के पिता गणेशी लाल
मनीष सिंगला के पिता प्रो. गणेशी लाल वरिष्ठ भाजपा नेता और ओडिशा के पूर्व राज्यपाल हैं। उनका जन्म 1 मार्च 1941 को सिरसा में हुआ था। राजनीति में आने से पहले वह गणित के प्रोफेसर थे और हरियाणा के अलग-अलग सरकारी कॉलेजों में पढ़ाते रहे।
गणेशी लाल 1996 में सिरसा विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। इसके बाद वह हरियाणा सरकार में मंत्री भी रहे। वर्ष 2004 से 2006 तक उन्होंने हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली।
29 मई 2018 को गणेशी लाल ने ओडिशा के राज्यपाल पद की शपथ ली थी। वह 30 अक्टूबर 2023 तक इस पद पर रहे। उनके बेटे मनीष सिंगला भी भाजपा से जुड़े हुए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
