कुंदन कुमार, पटना। सीवान AK-47 फायरिंग कांड को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में आज राजभवन मार्च निकाला गया, जो गांधी मैदान से शुरू होकर इनकम टैक्स चौराहे पर समाप्त हो गया। पटना पुलिस ने तेजस्वी समेत राजद के कई नेताओं को हिरासत में लिया, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। वहीं, अब राजद के इस राजभवन मार्च पर पार्टी के पूर्व प्रवक्ता और मौजूदा समय में भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी की प्रतिक्रिया सामने आई है।
मृत्युंजय तिवारी ने मार्च को बताया फ्लॉप शो
भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी ने तेजस्वी यादव के राजभवन मार्च को फ्लॉप शो बताया और कहा कि, ये सिर्फ अपने पार्टी बचाने और कुर्सी बचाने का मार्च था। उन्होंने कहा कि, इस मार्च को ना ही युवाओं का साथ मिला ना ही छात्रों का साथ मिला। सिर्फ कुछ उपद्रवी कार्यकर्ताओं के साथ तेजस्वी सड़क पर उतरे और तिरंगे का अपमान किया है।
उन्होंने कहा कि, जनता के बीच उनकी (तेजस्वी) स्वीकार्यता तो पहले ही खत्म थी। आज के मार्च को देखकर लगता है कि कार्यकर्ताओं के बीच भी अब उनकी पकड़ नहीं रही है।
राजद सांसद मनोज झा ने क्या कहा?
RJD नेता मनोज कुमरा झा ने कहा कि, मौलिक सवाल ये है कि छात्रों पर AK-47 चलाया गया है, झूठा हलफनामा दिया गया, केंद्रीय मंत्री झूठी बात कर रहे हैं कि गोली नहीं चली, हलफनामें में हवाई फायर स्वीकार किया गया, गर्दनीबाग में छात्र बैठे हैं, एक भी परीक्षा ईमानदारी से नहीं हो रही है। इन्होंने शिक्षा और रोजगार के ढांचे को गिरवी रख दिया है। इन सवालों से हमने महामहिम के सचिव को अवगत कराया है और ज्ञापन सौंपा है। उम्मीद करते हैं कि महामहिम ठोस फैसला करेंगे।
सरकार को झुकना ही पड़ेगा- तेजस्वी
हिरासत में लिए जाने के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि, जनता हमारे साथ है और जनता जब हमारे साथ है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार को हमारी मांग को सुनना होगा और निराकरण करना होगा। वहीं, वाटर कैनन के इस्तेमाल पर RJD नेता ने कहा, यह सब सम्राट चौधरी के आदेश पर हुआ है… इससे (वाटर कैनन) कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। जनता जाग चुकी है और सड़कों पर है। अब सरकार को झुकना ही पड़ेगा। ऐसे काम नहीं चलेगा।
ये भी पढ़ें- PM मोदी ने दी बिहार को बड़ी सौगात, 3591 करोड़ से बनेगा मुजफ्फरपुर-सोनबरसा फोरलेन हाईवे

