कुंदन कुमार, पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 13 अगस्त 2026 को पटना के बापू सभागार में आयोजित मुख्य समारोह में 70वीं BPSC (बिहार लोक सेवा आयोग) परीक्षा में सफल हुए 2,027 नए अभ्यर्थियों को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान सीएम सम्राट ने नव-नियुक्त अधिकारियों को ईमानदारी, निष्ठा और जनसेवा का संकल्प दिलाया। सीएम द्वारा नियुक्ति पत्र सौंपे जाने पर बिहार एनडीए के नेताओं प्रतिक्रिया देते हुए अपनी खुशी जाहिर की है।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का बयान

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि, बिहार सरकार की यही तो खासियत है। बिहार में लगातार युवाओं को नौकरी दी जा रही है और युवा काफी खुश हैं। जबकि विपक्ष लगातार सीएम सम्राट चौधरी पर हमलावर रहता है। उन्होंने कहा कि, बिहार हो या देश हो विपक्ष को सिर्फ बयानबाजी दिखता है। हमारे गृह मंत्री अमित शाह जब जवाब देने आते हैं, तो राहुल गांधी सदन से भाग जाते हैं। सिर्फ और सिर्फ झूठ की राजनीति करना विपक्ष का काम रह गया है। जनता सब देख रही है।

जल्द होगी TRE 4 शिक्षक भर्ती परीक्षा

वहीं, बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि, आज करीब 2,000 से अधिक नियुक्ति पत्र बीपीएससी के जरिए बांटे गए हैं। हर विभाग में नियुक्तियां हुई हैं। सभी लोगों को शुभकामना और बधाई। उन्होंने कहा कि, हमारे सरकार का लक्ष्य है, 5 साल में एक करोड़ युवाओं को नौकरी या रोजगार देने का उस पर सरकार लगातार काम कर रही है। सभी विभागों में जो रिक्तियां हैं, उसके अनुसार परीक्षा लेकर भर्ती की जा रही है। नए प्राइवेट नौकरी का भी सृजन किया जा रहा है। अशोक चौधरी ने कहा कि, शिक्षा विभाग TRE 4 को लेकर भी काम कर रही है। बीपीएससी के माध्यम से जल्द ही शिक्षक भर्ती परीक्षा भी होगी।

सीएम सम्राट ने दी सभी को बधाई

नव नियुक्त अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपने के बाद सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि, BPSC परीक्षा के बाद आज 2000 लोगों को एक साथ नियुक्ति पत्र देने का रिकॉर्ड बना। मैं सभी को बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत चाहते हैं। ये लोक सेवा का रास्ता है, जनकल्याण का रास्ता है। आपकी कलम की स्हायी से किसी ना किसी नागरिक का सम्मान बढ़ेगा। 2020 से लेकर 2025 तक 12 लाख सरकारी नौकरियां दी गईं और लगभग 50 लाख लोगों को रोजगार देने का काम किया गय। हमने तय किया है कि अगले 5 सालों में 1 करोड़ नौजवानों को सरकारी नौकरी और रोजगार से जोड़ने का काम करेंगे।

ये भी पढ़ें- बड़ी खबर: भरत तिवारी के परिवार को मिलेगी आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी, CM सम्राट का बड़ा ऐलान