कुंदन कुमार, पटना। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पास नहीं होने को लेकर भाजपा महिला मोर्चा का गुस्सा अब सड़क पर दिखने लगा है। इसी के विरोध में आज सोमवार (20 अप्रैल) को पटना के गांधी मैदान में बिहार महिला मोर्चा की ओर से एक बड़ा आक्रोश मार्च निकाला गया है, जिसमें शामिल होने के लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंची हैं।

विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी

आक्रोश मार्च में शामिल महिलाओं ने विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महिला आरक्षण की मांग की। महिलाओं का साफ साफ कहना है कि विपक्षी पार्टियां जानबूझकर महिलाओं को आरक्षण नहीं देना चाहती है, जबकि विपक्ष के पार्टी अपने घर में महिलाओं को आरक्षण देकर उन्हें सदन तक पहुंचा रही हैं। महिलाओं का कहना है कि, विपक्ष यह नहीं चाहता है कि गांव की गरीब महिलाएं सदन तक पहुंचे इसीलिए वे इस विधेयक का विरोध कर रही हैं। लेकिन मातृ शक्ति इन्हें सबक सिखाएगी।

तो महिलाओं के हाथ में होती देश की कमान- सीएम

बता दें कि लोकसभा में महिला आरक्षण बिल के पास नहीं होने पर एनडीए दल के नेताओं भारी रोष व्याप्त है। कल रविवार को बीजेपी कार्यालय में सीएम सम्राट चौधरी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा था कि, कांग्रेस, TMC, समाजवादी पार्टी ने महिलाओं का हक मारा है। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि, इन पार्टियों की नीति है कि अपनी बहन, बेटी, पत्नी सांसद विधायक बने। लेकिन देश की अन्य महिलाओं को उनका हक ना मिले। इसलिए विपक्ष ने बिल पारित नहीं होने दिया। सीएम ने कहा कि, अगर ये बिल पारित होता तो देश की कमान महिलाओं के हाथ होती। विपक्ष ने देश की महिलाओं के साथ धोखा किया है।

लोकसभा में गिरा महिला आरक्षण बिल

दरअसल मोदी सरकार ने बीते शुक्रवार को लोकसभा में महिला आरक्षण यानी नारी शक्ति वंदन अधिनियम पेश किया था। हालांकि यह बिल दो तिहाई बहुमत ना होने की वजह से गिर गया। बिल के पक्ष में 298 वोट मिले जबकि इसके विरोध में 230 वोट मिले। बता दें कि मोदी सरकार का यह पहला ऐसा बिल था, जिसे वो पास न करा पाए।

ये भी पढ़ें- Bihar News: सड़क हादसे में घायल पीड़ितों को मिलेगा 1.5 लाख का मुफ्त इलाज, डिप्टी सीएम का बड़ा ऐलान