भोपाल। मध्य प्रदेश में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचलें तेज हो गई हैं। प्रत्याशियों के चयन को लेकर भारतीय जनता पार्टी के भीतर बैठकों और दौरों का सिलसिला लगातार जारी है। इसी सिलसिले में कल दिल्ली से लेकर भोपाल तक भारी राजनीतिक सरगर्मी देखी गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली में राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ संभावित नामों पर अंतिम दौर का मंथन पूरा कर लिया है।
दिल्ली में राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ महामंथन
मध्य प्रदेश से खाली हो रही राज्यसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों को उतारने के लिए बीजेपी फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्य के वरिष्ठ नेतृत्व ने दिल्ली का दौरा कर पार्टी आलाकमान के साथ बंद कमरे में अहम बैठक की।
सूत्रों के मुताबिक, पार्टी आलाकमान ने मध्य प्रदेश के संभावित और जिताऊ चेहरों की लिस्ट पर प्रदेश नेतृत्व से अंतिम फीडबैक ले लिया है। कुछ चुनिंदा नामों पर सहमति बन चुकी है और पार्टी अब घोषणा की तैयारी में है।
18 जून को मतदान, एक-दो दिन में आ सकती है सूची
मध्य प्रदेश में आगामी 18 जून को राज्यसभा सीटों के लिए मतदान होना है। इसे देखते हुए बीजेपी आलाकमान अगले एक से दो दिन के भीतर अपने आधिकारिक प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर सकता है। पार्टी इस बार भी कुछ चौंकाने वाले या नए सामाजिक समीकरणों को साधने वाले चेहरों को मौका दे सकती है।
क्या कांग्रेस के पत्ते खुलने का इंतजार कर रही भाजपा?
हालांकि यह भी माना जा रहा है कि भाजपा फिलहाल कांग्रेस के फैसले का इंतजार कर रही है और उसने अपने सभी विकल्प खुले रखे हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यदि कांग्रेस किसी कमजोर या कम प्रभावशाली चेहरे को मैदान में उतारती है तो अतिरिक्त प्रत्याशी खड़ा कर मुकाबले को दिलचस्प भी बना सकती है। अगर ऐसा होता है तो यह चुनाव महज एक औपचारिकता न रहकर क्रॉस वोटिंग की संभावनाओं और कड़े राजनीतिक मुकाबले का केंद्र बन सकता है।
सीटों का गणित लगभग तय: बीजेपी की 2 और कांग्रेस की 1 सीट
विधानसभा में विधायकों की संख्या बल के हिसाब से राज्य की 3 सीटों का समीकरण पूरी तरह साफ है। इसमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खाते में 2 सीटें और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के पाले में 1 सीट जाना लगभग तय माना जा रहा है। अब दोनों ही खेमों में केवल अंतिम चेहरों की घोषणा का इंतजार है।
जीत के लिए कितने विधायक चाहिए ?
मध्य प्रदेश में विधानसभा में कुल 230 सीट हैं। जिसमें बीजेपी के पास 164 सीट तो वहीं कांग्रेस 64 सीट पर काबिज है। भारत आदिवासी पार्टी के पास एक सीट है, जबकि एक सीट रिक्त है। आपको बता दें कि राज्यसभा की एक सीट पर जीत के लिए 58 वोट की जरूरत होती है। भारतीय जनता द्वारा दो सीटों पर जीत के बाद केवल 48 सीटें बचेंगी। कांग्रेस के पास 64 सीट हैं।

