कुंदन कुमार, पटना। जन सुराज द्वारा बांकीपुर उपचुनाव के लिए प्रशांत किशोर के नाम का ऐलान करते ही भाजपा समेत सभी राजनीतिक दलों में सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच कल रविवार की देर रात भाजपा कार्यालय में कोर कमेटी की एक बैठक बुलाई गई, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सीएम सम्राट चौधरी और वरिष्ठ नेता मंगल पांडे समेत कई लोग मौजूद रहे। बता दें कि इससे पहले सीएम सम्राट ने पूर्व सीएम नीतीश कुमार से भी मुलाकात की थी।
आज पटना पहुंचेंगे नितिन नबीन
बैठक के दौरान बांकीपुर उपचुनाव के लिए उम्मीदवारी को लकर चर्चा की गई। सूत्रों के अनुसार बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का पटना आगमन होना है। आज सोमवार को ही वे पटना पहुंचेंगे, जिसके बाद एक बार फिर से बैठक होगी, जिसमें बांकीपुर से उपचुनाव के लिए भाजपा से उम्मीदवार कौन होगा इसकी सहमति के बाद भापजा प्रत्याशी के नाम का ऐलान किया जाएगा।
अजय आलोक हो सकते हैं बीजेपी के उम्मीदवार
कहा जा रहा है कि बांकीपुर से भाजपा का उम्मीदवार कौन होगा? इसपर अंतिम फैसला नितिन नबीन का ही होगा। जानकारी के अनुसार बीजेपी कायस्थ बहुल इस क्षेत्र में कायस्थ उम्मीदवार को ही मैदान में उतारने की तैयारी कर रही है, जिसमें राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक का नाम सबसे ऊपर है।
पटना का हाई-प्रोफाइल सीट है बांकीपुर
बता दें कि बांकीपुर विधानसभा सीट पटना की हाई-प्रोफाइल सीटों में से एक है। बीजेपी का इस सीट पर दबदबा रहा है। साल 2025 में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी से नितिन नबीन ने चुनाव जीता था। हालांकि चुनाव के महज कुछ महीने बाद ही बीजेपी ने उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया और राज्यसभा का सदस्य बना दिया, जिसके बाद खाली हुई सीट पर उपचुनाव हो रहा है। जनसुराज ने इस सीट से प्रशांत किशोर को मैदान में उतारकर बांकीपुर उपचुनाव को और भी रोचक बना दिया है। उधर राजद भी इस सीट पर अपना कब्जा जमाकर बिहार की राजनीति में खुद को स्थापित करना चाहेगी।
बांकीपुर उपचुनाव का पूरा कार्यक्रम
चुनाव आयोग द्वारा जारी अधिसूचा के अनुसार बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 6 जुलाई से शुरू होकर 13 जुलाई तक चलेगी। इस दौरान उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। वहीं, नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 16 जुलाई निर्धारित की गई है। मतदान प्रक्रिया 30 जुलाई को संपन्न होगी, जिसके पश्चात सभी प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 3 अगस्त को मतगणना के दिन होगा।
ये भी पढ़ें- डबल मर्डर से दहल उठा बिहार, बांका में सिट्टू सिंह और गुंजन सिंह की गोली मारकर हत्या

