लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी टीम (BJP National Executive) की घोषणा कर दी है. जारी सूची (List) में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय महामंत्री, राष्ट्रीय सचिव और मोर्चा अध्यक्ष के पद पर नियुक्ति कर दी गई है. इस राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उत्तर प्रदेश से 8 नेताओं के नाम शामिल किए गए हैं. जिसमें रेखा वर्मा (Rekha Verma) और प्रोफेसर तारिक मंसूर (Tariq Mansoor) को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी (Smriti Irani) और पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी (Harish Dwivedi) को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है.

इसके अलावा राष्ट्रीय सचिव के लिए यूपी से भोला सिंह (Bhola Singh) और संगीता यादव (Sangeeta Yadav) को जिम्मेदारी दी गई है. वहीं मोर्चा अध्यक्ष के लिए राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य (Amarpal Maurya) को पिछड़ा वर्ग मोर्चा का अध्यक्ष प्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे कुंवर बसीत अली (Kunwar Basit Ali) को अल्पसंख्यक मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. इन नियुक्तियों के जरिए पार्टी ने संगठन में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश की है.

इसे भी पढ़ें : ‘शोले’ के टंकी सीन से लेकर ड्रामा स्कूल तक… राजभर ने अखिलेश को क्यों घेरा?

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय टीम के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. अनुभव और ऊर्जा से समृद्ध यह टीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संगठन को नई गति प्रदान करेगी. मुझे पूर्ण विश्वास है कि टीम के सभी सदस्य, कार्यकर्ता भाव से संगठन को और अधिक सशक्त बनाते हुए ‘विकसित भारत’ के संकल्प और राष्ट्रसेवा के ध्येय को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे.