लखनऊ. सुभासपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और सपा सांसद राजीव राय पर सोशल मीडिया के जरिए निशाना साधा है. राजभर ने एक्स (X) पर पोस्ट कर सपा नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी पार्टी में उनसे भी बड़े “एक्टर” मौजूद हैं.
इसे भी पढ़ें- योगी की ‘पाती’ में युवाओं के लिए बड़ा संदेश, बोले- उम्र नहीं संकल्प तय करता है भविष्य
राजीव राय के वीडियो को लेकर साधा निशाना
ओमप्रकाश राजभर ने अपने पोस्ट में अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा कि उन्हें पता चला है कि सपा में उनसे बड़े कलाकार भी हैं. उन्होंने शोले फिल्म के पानी की टंकी वाले सीन का जिक्र करते हुए राजीव राय पर व्यंग्य किया. राजभर ने आरोप लगाया कि सपा सांसद राजीव राय के समर्थक ने पानी की टंकी पर चढ़कर सड़क निर्माण की मांग सोशल मीडिया के जरिए उठाई और इसके बाद सांसद ने मांग पूरी करने का भरोसा जताया.
‘लाइट, कैमरा, एक्शन नहीं, पोस्ट-पोस्ट-पोस्ट मामला’
सुभासपा प्रमुख ने लिखा कि पूरा घटनाक्रम सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए चलने वाली राजनीति जैसा नजर आया. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सांसद ने ऐसी “एक्टिंग” कर दिखाई कि वह खुद अखिलेश यादव से भी आगे निकल गए. राजभर ने अखिलेश यादव की पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) राजनीति पर भी कटाक्ष किया. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की राजनीति में वह बात नजर नहीं आती जो उनके सांसद ने करके दिखा दी.
इसे भी पढ़ें- यूपी में फिर आफत की बारिश! 500 घर डूबे, 46 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
अखिलेश यादव पर लगातार हमलावर हैं राजभर
गौरतलब है कि ओमप्रकाश राजभर पिछले कुछ समय से अखिलेश यादव पर लगातार राजनीतिक हमले कर रहे हैं. वह सोशल मीडिया के जरिए सपा अध्यक्ष और उनकी नीतियों पर सवाल उठाते रहे हैं. राजभर ने अपने पोस्ट के अंत में व्यंग्य करते हुए लिखा कि अगर सोशल मीडिया में एक्टिंग का कोई अवॉर्ड होता तो सपा सांसद राजीव राय को हराना मुश्किल होता. उन्होंने यह भी लिखा कि जल्द ही विक्रमादित्य मार्ग पर ड्रामा स्कूल खुलने वाला है.


