लखनऊ. ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की पूर्णाहुति के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम लिखी अपनी ‘पाती’ के जरिए युवाओं को राष्ट्रनिर्माण का संदेश दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा अभियान सिर्फ घरों पर झंडा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की सामूहिक शक्ति, राष्ट्रभक्ति और संकल्प का प्रतीक है.
इसे भी पढ़ें- यूपी में फिर आफत की बारिश! 500 घर डूबे, 46 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
पांच करोड़ घरों तक पहुंचा तिरंगे का संदेश
मुख्यमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में प्रदेशवासियों की भागीदारी पर बधाई दी. उन्होंने कहा कि जब किसी लक्ष्य को हासिल करने के लिए संकल्प मजबूत हो जाता है तो असंभव दिखाई देने वाले लक्ष्य भी संभव हो जाते हैं. स्वतंत्रता दिवस देश के उन वीर सपूतों के त्याग और संकल्प को याद करने का अवसर है, जिन्होंने कम उम्र में ही राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया.
कम उम्र में क्रांतिकारियों ने रचा इतिहास
योगी आदित्यनाथ ने बाबू बंधू सिंह, खुदीराम बोस, राजेंद्र नाथ लाहिड़ी, ठाकुर रोशन सिंह और पंडित राम प्रसाद बिस्मिल जैसे क्रांतिकारियों का उदाहरण देते हुए युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि किशोरावस्था और युवावस्था जीवन का स्वर्णिम दौर होता है. इसी समय सपनों को दिशा मिलती है, व्यक्तित्व का निर्माण होता है और समाज व राष्ट्र के लिए कुछ करने की इच्छा मजबूत होती है.
आदि शंकराचार्य और विवेकानंद का दिया उदाहरण
मुख्यमंत्री ने आदि शंकराचार्य और स्वामी विवेकानंद का उदाहरण देते हुए कहा कि व्यक्ति की उम्र भले ही कम हो, लेकिन उसका संकल्प और सामर्थ्य बड़ा हो सकता है. उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन का भी उल्लेख किया और बताया कि 26 वर्ष की उम्र में पहली बार लोकसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद राष्ट्रसेवा और जनसेवा उनके जीवन के प्रमुख आदर्श रहे हैं.
युवाओं को अवसर, अब जिम्मेदारी निभाने की बारी
योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार और खेल के क्षेत्र में लगातार अवसर उपलब्ध करा रही है. अब युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे इन अवसरों का लाभ उठाकर न केवल अपना भविष्य बनाएं, बल्कि उत्तर प्रदेश और देश के विकास में भी योगदान दें.
इसे भी पढ़ें- लखनऊ में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर खूनी हमला: चौकी प्रभारी समेत 3 कर्मचारी लहूलुहान, इलाके में तनाव
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नियमित योग और व्यायाम को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की. उन्होंने तिरंगे के शौर्य, शांति और समृद्धि के मूल्यों को अपनाने तथा जाति-पाति से ऊपर उठकर सामाजिक एकता और समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया.


