कुंदन कुमार, पटना‌। आज देश भर में 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में राजधानी पटना स्थित भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) प्रदेश कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर भव्य झंडोत्तोलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने निर्धारित समयानुसार पार्टी कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।

​झंडोत्तोलन के उपरांत उपस्थित कार्यकर्ताओं और मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रदेश और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आज लाल किले की प्राचीर से दिए गए ऐतिहासिक भाषण का विशेष रूप से जिक्र किया।

​संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लाल किले से देश को ‘आत्मनिर्भर भारत’ बनाने का एक मजबूत और स्पष्ट आह्वान किया है। आज हर क्षेत्र में हमारा देश तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा रहा है। उन्होंने एक बेहद महत्वपूर्ण और गर्व का विषय साझा करते हुए कहा कि यह इतिहास में पहली बार हुआ है कि लाल किले की प्राचीर से ‘वंदे मातरम’ का गायन किया गया है और अब इसे अनिवार्य (मैन्डेटरी) कर दिया गया है, जो हम सभी देशवासियों के लिए एक बहुत बड़ी और गौरवशाली बात है।
​इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य की एनडीए सरकार की उपलब्धियों को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए अभूतपूर्व कार्य कर रही है। समाज के इन दोनों वर्गों को आगे बढ़ाने के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं धरातल पर उतारी जा रही हैं।

​संजय सरावगी ने विश्वास जताया कि बिहार अब थमने वाला नहीं है, बल्कि यह लगातार प्रगति पथ पर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व में बिहार के विकास कार्य पूरी गति और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाए जा रहे हैं, जिससे राज्य का भविष्य और अधिक उज्जवल हो रहा है। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया और भारत माता की जय के नारों से पूरा पार्टी कार्यालय गूंज उठा।