पलामू। झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और छात्र आंदोलनकारियों पर दर्ज मुकदमों के विरोध में भाजपा ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पलामू, बोकारो और कोडरमा में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने तथा परीक्षा विवाद की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।

पलामू में प्रदर्शन के दौरान उस वक्त स्थिति गरमा गई, जब समाहरणालय के बाहर पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश और सदर SDPO राजेश यादव के बीच तीखी बहस हो गई।

बंद गेट को लेकर बिगड़ा माहौल

समाहरणालय के सामने भाजपा का प्रदर्शन चल रहा था और पलामू सांसद विष्णुदयाल राम कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान सदर SDPO राजेश यादव कार्यालय जाने के लिए वहां पहुंचे। समाहरणालय का मुख्य गेट बंद होने के कारण उन्होंने उसे खुलवाने की कोशिश की।

इसी बात को लेकर वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं से उनकी बहस हो गई। मामला बढ़ने पर दीपक प्रकाश भी बातचीत में शामिल हुए और दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। बाद में SDPO दूसरे रास्ते से अपने कार्यालय पहुंचे। घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर हंगामे की स्थिति बनी रही।

दीपक प्रकाश का सरकार पर हमला

भाजपा नेता दीपक प्रकाश ने JPSC-JSSC मामले की CID जांच को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच के नाम पर बड़े लोगों को बचाने की कोशिश हो रही है, जबकि छोटे आरोपितों पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने CID की भूमिका पर सवाल उठाते हुए सरकार पर राजनीतिक संरक्षण देने का आरोप लगाया।

वहीं पलामू सांसद विष्णुदयाल राम ने कहा कि छात्रों के आंदोलन के दौरान उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए। उनका कहना था कि मामला व्यापक रूप ले चुका है, इसलिए राज्य सरकार को निष्पक्ष जांच के लिए CBI को जांच सौंपनी चाहिए।

बोकारो में भी सरकार के खिलाफ नारेबाजी

बोकारो में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए डीसी कार्यालय पहुंचे। मधु कोड़ा ने JPSC और JSSC से जुड़े विवाद की CBI जांच की मांग की।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी नौकरियों में अनियमितता की शिकायतें गंभीर हैं और छात्रों को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की उम्मीद है। साथ ही छात्र आंदोलनकारियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग भी उठाई।

कोडरमा में रैली, मुकदमे वापस लेने की मांग

कोडरमा में हटिया विधायक नवीन जायसवाल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बजरंगबली चौक से जिला मुख्यालय तक रैली निकाली। सभा के दौरान उन्होंने परीक्षा में कथित धांधली के खिलाफ आंदोलन करने वाले छात्रों पर दर्ज मामलों को तत्काल वापस लेने की मांग की।

भाजपा नेताओं ने कहा कि छात्रों की मांगों को दबाने के बजाय परीक्षा प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का निष्पक्ष तरीके से जवाब दिया जाना चाहिए।

पलामू के प्रदर्शन में सांसद विष्णुदयाल राम, विधायक आलोक चौरसिया, विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता, पूर्व सांसद मनोज कुमार, पूर्व सांसद घूरन राम और जिलाध्यक्ष अमित तिवारी समेत कई नेता व कार्यकर्ता शामिल रहे।