सतीश सिंह, लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में विश्वविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों और परीक्षा प्रणाली की स्थिति लगातार बिगड़ी है. सरकार शिक्षा व्यवस्था में योग्य लोगों के बजाय अनरजिस्टर्ड और अयोग्य लोगों को बैठा रही है.

सोमवार को संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षा और शिक्षण संस्थानों को बचाने के लिए पूरा विपक्ष एकजुट है. उन्होंने नीट पेपर लीक के खिलाफ हुए आंदोलन को सफल बताते हुए युवाओं और छात्रों के मनोबल की सराहना की. अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार छात्रों की आवाज दबाने का काम कर रही है. बिहार में छात्रों पर मुकदमे दर्ज किए गए, कई छात्रों को जेल भेजा गया और सोशल मीडिया पर लिखने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं की चेतना को चुनौती देने का प्रयास न करे.

इसे भी पढ़ें : आजम परिवार और अखिलेश के बीच नाराजगी! तंजीन ने अपने ही मुखिया पर कसा तंज, कहा- उनका मकसद PM बनना…

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के एजेंडे में नौकरी और रोजगार नहीं है. उन्होंने सवाल उठाया कि नीट पेपर लीक के बाद जिन छात्रों ने अपनी जान गंवाई, उनके परिवारों की सरकार ने क्या मदद की. सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए के साथ सामाजिक न्याय की स्थापना और संविधान के तहत सभी को अधिकार व सम्मान दिलाने के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी. उन्होंने दावा किया कि इंडिया गठबंधन ने लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराया और आगे भी सामाजिक न्याय के मुद्दे को मजबूती से उठाता रहेगा.