Bihar News: बीजेपी प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा है। पटना में आज शुक्रवार को एक मीडिया एजेंसी से बात करते हुए गुरु प्रकाश पासवान ने कहा कि, राहुल गांधी एक अबोध बालक की तरह व्यवहार कर रहे हैं। 22 वर्षों से, वो लगातार सदन में हैं।

उन्होंने कहा कि, राममनोहर लोहिया जी का भाषण, अटल बिहारी वाजपेयी जी का भाषण, प्रमोद महाजन जी का भाषण आज भी हम लोगों के स्मरण में हैं। पिछले 22 वर्षों में, राहुल गांधी का कोई भाषण या कोई पंक्ति बता दीजिए, जो आज तक हम लोगों को याद है। अपरिपक्व बालक की तरह ये व्यवहार ठीक नहीं है। सदन चलता है, तो मर्यादाओं का ध्यान नहीं रखते हैं, हर सीमा का उल्लंघन करते हैं, सदन चलने नहीं देते हैं।

सवाल उठाना कांग्रेस और आरजेडी का स्वभाव

वहीं, कांग्रेस और राजद द्वारा सरकारी योजनाओं से जुड़े मामलों पर सवाल उठाने को लेकर किए गए सवाल पर गुरु प्रकाश पासवान ने कहा कि, सवाल उठाना कांग्रेस और आरजेडी का स्वभाव है। लेकिन जो कल्याणकारी योजनाएं हैं और उसके प्रति हमारा कमिटमेंट, इसके डिटेल ऑपरेशनल गाइडलाइन सभी आने हैं। फिजिकल ऑथेंटिकेशन से डुप्लिकेट और फर्जी लाभार्थियों को हटा दिया जाएगा और हमको ज्ञान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि, विश्व बैंक की ‘गरीबी और समानता’ रिपोर्ट के अनुसार, 2011 से 2023 के बीच दुनिया के सबसे तेज़ गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 49 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया है।

धीरेंद्र शास्त्री के मुद्दे को लेकर सपा पर बोला हमला

धीरेंद्र शास्त्री द्वारा भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए बयान पर सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं द्वारा जारी जुबानी हमले पर गुरु प्रकाश पासवान ने कहा कि, जिस प्रकार से समाजवादी पार्टी के अपराधी प्रवृत्ति के लोगों ने बागेश्वर बाबा पर एक आक्रमण छेड़ा है। ये उनकी सनातन विरोधी, हिंदू विरोधी मानसिकता का प्रदर्शन है। कार सेवकों पर गोली चलवाने वाले, अब तक भगवान राम के मंदिर में न जाने वाले, अयोध्या जाकर लौट जाने वाले, ये समाजवादी पार्टी को चिंतन करने की आवश्यकता है। ये सनातन विरोध में, हिंदू विरोध में कितने निम्न स्तर पर आप जा सकते हैं।

ये भी पढ़ें- BPSC 71वीं मेंस का रिजल्ट जारी, 3392 अभ्यर्थियों को मिली सफलता; यहां देखें परिणाम