BPSC 71st Mains Result 2026: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 71वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा की मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। मेंस परीक्षा में कुल 3,392 अभ्यर्थियों को सफलता मिली है। इस भर्ती अभियान के जरिए राज्य के विभिन्न विभागों में 1,298 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। मुख्य परीक्षा का रिजल्ट आने के साथ ही अब सफल उम्मीदवारों की नजर चयन प्रक्रिया के अगले चरण पर होगी।

आयोग ने परीक्षा में सफल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को बधाई दी है और उनके बेहतर भविष्य की कामना की है। BPSC की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, अभ्यर्थी कुछ घंटों बाद आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकेंगे।

3392 अभ्यर्थियों ने पास की मेंस परीक्षा

71वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से कुल 1,298 रिक्त पदों को भरा जाना है। इसके लिए आयोजित मुख्य परीक्षा में 3,392 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए हैं। अब इन अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होना होगा। आगे की प्रक्रिया और उसकी तारीखों से संबंधित जानकारी आयोग की ओर से आधिकारिक तौर पर जारी की जाएगी।

अभ्यर्थी यहां देख सकेंगे अपना रिजल्ट

मुख्य परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी BPSC की आधिकारिक वेबसाइट https://bpsc.bihar.gov.in पर अपना परिणाम देख सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट पर रिजल्ट से जुड़े लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद दिए गए निर्देशों का पालन कर अभ्यर्थी अपना परिणाम चेक कर सकेंगे।

13,368 अभ्यर्थियों ने पास की थी प्रारंभिक परीक्षा

इससे पहले आयोग ने 71वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 18 नवंबर 2025 को घोषित किया था। प्रीलिम्स में कुल 3,16,905 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। इनमें से 13,368 उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया था। अब मेंस का रिजल्ट जारी होने के बाद चयन प्रक्रिया एक कदम और आगे बढ़ गई है।

ये भी पढ़ें- जदयू में सबकुछ ठीक नहीं? निशांत कुमार को लेकर विधायक के बयान ने बढ़ाई सियासी हलचल