० सिरसा जाते समय हादसा देख तुरंत रुकीं डॉ. अर्चना गुप्ता, स्वयं की प्राथमिक जांच, कार्यकर्ताओं को दिए आवश्यक निर्देश

फतेहाबाद। भारतीय जनता पार्टी की हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने मंगलवार को सड़क दुर्घटना में घायल युवक की मदद कर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। सिरसा में आयोजित पार्टी कार्यक्रम में शामिल होने जा रही डॉ. गुप्ता ने फतेहाबाद बाईपास पर घायल युवक को देखकर तत्काल अपना काफिला रुकवाया और उसे अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई।

जानकारी के अनुसार, डॉ. अर्चना गुप्ता सिरसा रवाना हो रही थीं। इस दौरान फतेहाबाद बाईपास स्थित नेशनल हाईवे पर भाजपा जिलााध्यक्ष प्रवीण जोड़ा, चेयरमैन राजपाल बेनीवाल और अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

स्वागत कार्यक्रम के बाद काफिला आगे बढ़ा ही था कि रतिया चुंगी के पास गांव बड़ोपल निवासी विकास की बाइक सड़क पर अचानक सामने आई गाय से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक फिसलने से युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।


डॉ. होने के नाते की प्राथमिक जाँच
घटना देखते ही डॉ. अर्चना गुप्ता ने तुरंत अपना काफिला रुकवा दिया। चिकित्सक होने के नाते उन्होंने स्वयं घायल युवक की प्राथमिक जांच की और मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं को आवश्यक निर्देश दिए।


तत्काल भेजा गया हॉस्पिटल

इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं की मदद से घायल युवक को सुरक्षित वाहन में बैठाकर मार्केट कमेटी फतेहाबाद के वाइस चेयरमैन इंद्र गावड़ी की गाड़ी से तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार शुरू कराया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डॉ. अर्चना गुप्ता ने यह सुनिश्चित किया कि घायल को समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल सके। इसके बाद वह अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सिरसा रवाना हो गईं।