राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन बचाने जैसे कई अहम कदम उठाने की अपील की है। लेकिन उनकी पार्टी के नेता ही इस पर अमल करने से कतरा रहे हैं। पद ग्रहण समेत कई जगह दर्जनों गाड़ियों का काफिला लेकर पहुंच रहे हैं। लेकिन नेताओं का यह भौकाल आला कमान के लिए सिर का दर्द बन गया है। जिसके बाद संगठन ने नाराजगी व्यक्त करते हुए इस पर अधोषित तरीके से रोक लगा दी है।
बेफिजूल गाड़ियों पर रोक लगाने की नसीहत
सूत्रों के अनुसार, काफिला लेकर चलने, शक्ति प्रदर्शन दिखाने और राजनैतिक नियुक्तियां पाने वाले नेताओं को संगठन ने काफिले पर रोक लगाने की नसीहत दी है। पार्टी ने पीएम मोदी की गाइडलाइन का पालन करने के लिए अनावश्यक गाड़ियों पर रोक लगा दी है। हालांकि, इसकी अधिकृत पुष्टि नहीं की गई है।
सौभाग्य सिंह ठाकुर और के पी यादव ने किया था शक्ति प्रदर्शन
बता दें कि पाठ्यपुस्तक निगम के नवागत अध्यक्ष सौभाग्य सिंह ठाकुर सैकड़ों गाड़ियों का काफिला लेकर उज्जैन से भोपाल आए थे। वहीं केपी यादव भी अशोकनगर से सैकड़ों गाड़ियों का काफिला लेकर आए थे और स्टेट सप्लाइज कॉरपोरेशन लिमिटेड संचालक का पदभार ग्रहण के दौरान शक्ति प्रदर्शन किया था।
पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष से मांगा जवाब
इधर पार्टी ने गाड़ियों का काफिला निकालने पर पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष सौभाग्य सिंह ठाकुर से जवाब मांगा है। PM मोदी की अपील नहीं मानने पर पार्टी नाराज है। बता दें कि पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष बनने पर सौभाग्य सिंह काफिले के साथ निकले थे। जिसकी वजह से कई जगह चौराहों पर जाम लग गया था।

