धनेश विद्यार्थी ,रेवाड़ी। भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने अपने प्रथम रेवाड़ी प्रवास के दौरान कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम करें। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता संगठन की वास्तविक ताकत और रीढ़ है, जिसकी मेहनत से चुनावी सफलताएं और मजबूत सरकारें बनती हैं।
नगर कोनसीवास रोड स्थित एक कार्यक्रम में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को “बूथ जीतो, चुनाव जीतो” का मंत्र देते हुए आगामी वर्षों तक भाजपा को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया।
मोदी सरकार के 12 साल विकास और सुशासन के नाम
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है और भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं शुरू की गई हैं, जिनका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
आपातकाल को बताया लोकतंत्र का काला अध्याय
25 जून 1975 को लागू आपातकाल का उल्लेख करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने इसे लोकतंत्र का काला दिन बताया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को देश के राजनीतिक इतिहास और आपातकाल की सच्चाई से अवगत कराना जरूरी है ताकि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की जा सके।
पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक पौधारोपण करने और लगाए गए पौधों की देखभाल सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल अभियान नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है।
कई स्थानों पर हुआ भव्य स्वागत
रेवाड़ी प्रवास के दौरान सामाजिक, धार्मिक, व्यापारी संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया। उन्होंने वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप और महाराजा अग्रसेन की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। ब्रह्मगढ़ में ब्राह्मण समाज तथा व्यापारी संगठनों ने भी उनका सम्मान किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली, विधायक लक्ष्मण यादव, अनिल यादव, डॉ. कृष्ण कुमार, जिला प्रभारी नसीब अहमद सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। स्वागत से अभिभूत डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि रेवाड़ी की जनता और कार्यकर्ताओं का स्नेह उन्हें जनसेवा के लिए और अधिक प्रेरित करता है।

