रांची। झारखंड में JPSC और JSSC-CGL भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और पूरे मामले की CBI जांच की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी 8 सितंबर से चार दिवसीय राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करने जा रही है। पार्टी ने आंदोलन को लेकर अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
पहले दिन 6 जिलों में बड़ा प्रदर्शन
आंदोलन के पहले दिन रांची, दुमका, हजारीबाग, गिरिडीह, जमशेदपुर और गढ़वा में डीसी और एसपी कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता इन प्रदर्शनों की अगुवाई करेंगे।
रांची में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू मोर्चा संभालेंगे। दुमका में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, हजारीबाग में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, जमशेदपुर में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और गढ़वा में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे।
भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर अलग-अलग जिलों में वरिष्ठ नेताओं को आंदोलन की जिम्मेदारी दी गई है।
11 सितंबर तक सभी 24 जिलों में प्रदर्शन
भाजपा का आंदोलन 8 से 11 सितंबर तक चरणबद्ध तरीके से सभी 24 जिलों में चलेगा।
8 सितंबर: रांची, दुमका, हजारीबाग, गिरिडीह, जमशेदपुर और गढ़वा
9 सितंबर: कोडरमा, साहिबगंज, बोकारो, पलामू, सिमडेगा और चाईबासा
10 सितंबर: सरायकेला, पाकुड़, धनबाद, गुमला, लातेहार और चतरा
11 सितंबर: रामगढ़, देवघर, लोहरदगा, खूंटी, गोड्डा और जामताड़ा
छात्रों के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी
भाजपा का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाने वाले छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाने चाहिए और मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
पार्टी ने साफ किया है कि छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और कथित गड़बड़ियों की जांच की मांग को लेकर उसका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।



