राकेश कथूरिया , कैथल। सूर्य कुंड तीर्थ स्थल माता गेट कैथल पर भाजपा कैथल जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी की अध्यक्षता में दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण महाभियान का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन हरियाणा सरकार के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने प्रदर्शनी का फीता काटकर किया। इसके बाद दीप प्रज्वलन, वंदेमातरम और वर्ग गीत के साथ कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानने वाला वैचारिक परिवार है। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण महाभियान का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत बनाना, संगठनात्मक क्षमता बढ़ाना और सरकार की नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

प्रथम सत्र में वक्ता रविंद्र भाटिया ने “विचार परिवार” विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि भाजपा की शक्ति उसके संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रवादी विचारधारा में निहित है। सत्र की अध्यक्षता गुहला के पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने की।

द्वितीय सत्र में पूर्व मंत्री असीम गोयल ने “वैचारिक अधिष्ठान” विषय पर चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा की राजनीति सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से प्रेरित है। सत्र की अध्यक्षता पूर्व विधायक लीलाराम ने की।

तृतीय सत्र में भाजपा हरियाणा प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा ने “हमारी कार्य पद्धति” विषय पर विस्तार से जानकारी देते हुए संगठन में अनुशासन, समर्पण और निरंतर संवाद को सफलता का आधार बताया। सत्र की अध्यक्षता पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा ने की।

चौथे सत्र में रोहतक नगर निगम के महापौर रामावतार वाल्मीकि ने “राष्ट्र के समक्ष चुनौतियां” विषय पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रविरोधी ताकतों से सतर्क रहना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष मुनीष कठवाड़ ने की।

पांचवें सत्र में भाजपा हरियाणा प्रदेश आईटी विभाग प्रमुख आदित्य चावला ने “सोशल मीडिया, आईटी व मीडिया” विषय पर चर्चा करते हुए कहा कि डिजिटल माध्यम आज संगठन और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का सबसे प्रभावी जरिया बन चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का आह्वान किया। सत्र की अध्यक्षता जिला परिषद चेयरमैन कर्मबीर कौल ने की।

प्रथम दिन के अंतिम सत्र में रोजी मलिक आनंद ने “कार्य विस्तार” विषय पर चर्चा करते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष हजवाना ने की।

भाजपा कैथल जिला प्रभारी अमरपाल राणा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। वहीं जिला पर्यवेक्षक एवं पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा कुरुक्षेत्र सुशील राणा ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम हैं।

इस अवसर पर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा, पूर्व मंत्री असीम गोयल, महापौर रामावतार वाल्मीकि, आदित्य चावला, अमरपाल राणा, सतपाल जांबा, कमलेश ढांडा, कुलवंत बाजीगर, लीलाराम गुर्जर, सुभाष हजवाना सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।