कैथल में चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को निर्धारित समय-सीमा से 12 दिन पहले पूरा करने वाले दो जेबीटी अध्यापकों सह बीएलओ को एडीसी ने सम्मानित किया है। उन्होंने सभी बीएलओ को इसी तरह लगन से काम करने के लिए प्रेरित किया है।

राकेश कथूरिया, कैथल। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत निर्धारित समय-सीमा से पहले उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को एडीसी सुशील कुमार ने सम्मानित किया है। उन्होंने दोनों होनहार अधिकारियों की कार्य निष्ठा की खुले दिल से सराहना करते हुए जिले के अन्य बीएलओ को भी समयबद्ध ढंग से अपना अभियान पूरा करने के लिए प्रेरित किया है। एडीसी एवं पूंडरी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी सुशील कुमार ने शुक्रवार को कार्यालय में इन कर्मचारियों की पीठ थपथपाई। प्रशासन का मानना है कि ऐसे कर्मठ कर्मचारियों की बदौलत ही सरकारी योजनाओं और अभियानों को जमीनी स्तर पर बड़ी सफलता मिलती है।

समय से पहले किया काम

एडीसी सुशील कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत सभी कार्यों को पूर्ण करने की अंतिम तिथि 14 जुलाई निर्धारित की गई है। इसके बावजूद टीक गांव के बूथ नंबर-65 के बीएलओ टीपू सामरिया तथा बुच्ची गांव के बूथ नंबर-92 के बीएलओ बलविंदर सिंह ने अपनी असाधारण मेहनत और लगन से कार्य करते हुए 2 जुलाई 2026 को ही अपना पूरा दायित्व सफलतापूर्वक संपन्न कर लिया। इस प्रकार दोनों जिम्मेदार बीएलओ ने निर्धारित अंतिम समय से लगभग 12 दिन पहले ही अपना अभियान पूर्ण कर पूरे जिले में उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।

जेबीटी शिक्षकों ने दिखाई लगन

उन्होंने आगे जानकारी देते हुए बताया कि टीपू सामरिया टीक गांव के सरकारी प्राथमिक विद्यालय में जेबीटी अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं तथा वह मूल रूप से धनोरी गांव के निवासी हैं। वहीं दूसरे कर्मचारी बलविंदर सिंह मुन्नारेहड़ी गांव के प्राथमिक विद्यालय में जेबीटी अध्यापक हैं और वह बुच्ची गांव के मूल निवासी हैं। एडीसी सुशील कुमार ने कहा कि दोनों बीएलओ ने अपनी राजकीय ड्यूटी के साथ-साथ इस चुनाव कार्य को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाया है। उन्होंने जिले के सभी बूथ लेवल अधिकारियों से आह्वान किया कि वे भी समय रहते अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।

नागरिकों से की खास अपील

उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों के सहयोग से ही विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान कैथल जिले में पूरी तरह सफलतापूर्वक संपन्न हो सकेगा। उन्होंने क्षेत्र के आम नागरिकों से भी विशेष रूप से अपील की है कि वे अपने मतदाता गणना प्रपत्र सही प्रकार से भरकर शीघ्र अपने संबंधित क्षेत्र के बीएलओ के पास जमा करवाएं। इससे मतदाता सूची के पुनरीक्षण का यह महत्वपूर्ण कार्य समय पर और बिना किसी त्रुटि के पूरी पारदर्शिता के साथ पूरा किया जा सके। इस अवसर पर चुनाव कार्यालय के अन्य वरिष्ठ कर्मचारी और सहायक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।